आगरा।
युवा चांदी कारोबारी सौरभ गुप्ता (शिवहरे) को युवा राष्ट्रीय लोकदल का महानगर अध्यक्ष बनाया गया है। युवा रालोद के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सिंह पटेल ने पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी की संस्तुति पर उनकी नियुक्ति की है।

बीते रोज सदरभट्टी चौराहा स्थित होटल जिज्ञासा पैलेस में हुए एक समारोह में रविंद्र सिंह पटेल ने सौरभ गुप्ता को विधिवत रूप से नई जिम्मेदारी सौंपी। सौरभ गुप्ता ने नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें पूरी क्षमता के साथ सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने का भरोसा दिया।
नाई की मंडी में गुजराती पाड़ा निवासी सौरभ गुप्ता (शिवहरे) पहली बार किसी राजनीतिक दल से जुड़े हैं। हालांकि सामाजिक क्षेत्र में वह पहले से सक्रिय हैं। कई सामाजिक, व्यापारिक व धार्मिक संस्थाओं से भी जुड़े हैं। स्पष्टवादी, निर्भीक और व्यवहारकुशल सौरभ गुप्ता को रालोद का युवा महानगर अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा के बाद नाई की मंडी के युवाओं ने जिस तरह उनका स्वागत किया, वह अपने क्षेत्र व साथियों में उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है।
सौरभ गुप्ता (शिवहरे) के पिता श्री दीनदयाल गुप्ता प्रतिष्ठित चांदी कारोबारी हैं। उनके बड़े भाई श्री गौरव गुप्ता भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के महानगर उपाध्यक्ष हैं। सौरभ गुप्ता की धर्मपत्नी श्रीमती चंचल गुप्ता भी सामाजिक क्षेत्र में काफी सक्रिय रहती हैं। वह शिवहरे सशक्त महिला मंडल से भी जुड़ी हैं।
