झांसी।
झांसी में शिवहरे समाज के अध्यक्ष श्री विष्णु शिवहरे के परिवार की ओर से मनु विहार कालोनी स्थित माता वैष्णों मंदिर में बीते मंगलवार को श्री हनुमंत महाराज के दरबार में फूलबंगला और 56 भोग का आयोजन धूमधाम से किया गया।

रेलवे कर्मचारी श्री विष्णु शिवहरे और रेलवे में ही कार्यरत उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन शिवहरे ने बताया कि उन्होंने काफी समय से यह कार्यक्रम बोल रखा था, और हनुमानजी की कृपा से आज यह वचन पूरा हो गया। मंगलवार की शाम को इस कार्यक्रम के लिए श्री हनुमंत महाराज के दरबार को फूलों से सजाया गया। श्री हनुमंत महाराजजी को सिंदूर और पोशाक चढ़ाया गया। उनका आकर्षक श्रृंगार देखते ही बन रहा था।
मंदिर के अन्य स्वरूपों और वैष्णो देवी माता के दरबार में भी विशेष सजावट की गई थी। शाम को सुंदरकांड के पाठ के बाद महिलाओं ने एक से ब़ढ़कर एक भजन गाए। अंत में श्री हनुमंत महाराज को 56 भोग का प्रसाद लगाया गया। कार्यक्रम में शिवहरे समाज झांसी के संगठन मंत्री नरेंद्र शिवहरे, संयुक्त महामंत्री नीरज शिवहरे, शिवम शिवहरे, कृष शिवहरे, सीमा राय, भारती राय और आशी राय समेत कई कलचुरी समाजबंधु व कालोनीवासी मौजूद रहे।
