नई दिल्ली।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सफदरजंग एनक्लेव स्थित ‘पुरातन सिद्ध पीठ हनुमान मंदिर’ में कलचुरी समाज के आराध्य राजराजेश्वर श्री सहस्रबाहु अर्जुन की मूर्ति स्थापित होने जा रही है। आगामी 14 फरवरी को मंदिर में 24 घंटे के अखंड श्री हरि कीर्तन के बाद 15 फरवरी को सुबह 10 बजे मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।

वरिष्ठ समाजसेवी श्री गोविंद प्रसाद जायसवाल (पटना वाले) ने शिवहरेवाणी को यह जानकारी देते हुए बताया कि सफदरजंग एनक्लेव में भीकाजी कामा पैलेस के सामने ‘पुरातन सिद्ध पीठ हनुमान मंदिर’ परिसर में भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा पूर्ण विधि-विधान से होगी जिसके लिए 11 फरवरी से ही पूजा-अर्चना शुरू हो जाएगी। अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के राष्ट्रीय महासचिव एवं जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा दिल्ली-एनसीआर (पंजीकृत) के अध्यक्ष श्री शैलेंद्र जायसवाल ने बताया कि मंदिर में स्थापित होने वाली भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की दिव्य मूर्ति कलचुरी संत हरिहरदासजी महाराज द्वारा दान-स्वरूप भेंट की गई है। संत हरिहर दासजी महाराज पूर्व भी कई जगहों पर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की मूर्ति स्थापित करा चुके हैं। बता दें कि संत हरिहर दासजी महाराज की मूल पहचान श्री हरिशचंद्र धनेटवाल के रूप में है जो पूर्व राजस्थान प्रशासनिक सेवा में अधिकारी होने के साथ ही जयपुर के जाने-माने भामाशाह एवं समाजसेवी थे। आप अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष भी रहे थे।

श्री गोविंद प्रसाद जायसवाल ने शिवहरेवाणी को बताया है कि मूर्ति स्थापना के साथ ही यहां एक धर्मशाला निर्माण के बड़े अभियान पर भी काम शुरू किया जाएगा, ताकि यहां आसपास स्थित एम्स समेत अन्य शीर्ष चिकित्सा संस्थानों में उपचार कराने के लिए देशभऱ से आने वाले समाजबंधुओं को ठहरने सुविधा मिल सके। खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर समाजबंधुओं के लिए बड़ी सहूलियत होगी।

उन्होंने देशभर के समाजबंधुओं को कार्यक्रम में आमंत्रित करते हुए इस पुनीत कार्य व अभियान में अपनी इच्छा एवं सामर्थ्य से आर्थिक सहयोग करने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि आर्थिक सहयोग प्राप्त करने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की भीकाजी कामा पैलेस शाखा (आईएफसी कोड-SBIN0007755) में ‘पुरातन सिद्ध पीठ हनुमान मंदिर सेवा ट्रस्ट’ के नाम से एक चालू खाता खोला गया है जिसका नंबर 00000044624948982 है। जो समाजबंधु इस पुण्यकार्य में आर्थिक सहयोग करना चाहते हैं, वे उक्त खाते में अपनी इच्छानुसार धनराशि जमा करा सकते हैं। अथवा, इस संबंध में उनसे 7903578152 पर संपर्क कर सकते हैं।













Leave feedback about this