कृष्णकांत जायसवाल और कैलाश धनिष्ठा पर अनुशासनात्मक कार्रवाई
ओंकारेश्वर।
‘पापा मोदी’के नाम से लोकप्रिय समाजसेवी श्री राजकिशोर कांताप्रसाद मोदी (जायसवाल) को अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया है। चयन समिति की सर्वसम्मति के आधार पर यह घोषणा की गई, हालांकि कुछ लोगों द्वारा इसकी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जाने पर बैठक में विवाद की स्थिति बन गई। संचालन कर रहे राष्ट्रीय महासचिव अटल कुमार गुप्ता (कोयंबटूर) ने पद और संगठन, दोनों से ही इस्तीफे की घोषणा कर दी और कार्यक्रम बीच में छोड़कर चले गए। बाद में मुंबई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कृष्णकांत जायसवाल औऱ जयपुर के कैलाश धनिष्ठा को अनुशासनात्मक कार्रवाई कर संगठन से निष्कासित कर दिया गया।

यह सब हुआ मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर में, जहां अतिथि कोठी भवन के सभागार में महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की चौथी बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अशोक कुमार जायसवाल (इंदौर) ने अपने साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में किए गए प्रमुख कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने महासभा के नियमानुसार अध्यक्ष पद छोड़ने की घोषणा करते हुए चयन समिति से नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा करने का अनुरोध किया। इसके बाद मंच से नए अध्यक्ष के रूप में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजकिशोर पापा मोदी के नाम की घोषणा की गई, साथ ही इस निर्णय को लेकर मंच से ही आपत्तियां भी मांगी गईं। बताया जाता है कि जब कुछ लोगों ने प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाने का प्रयास किया, तो उन्हें यह कहते हुए शांत करा दिया गया कि अंतिम निर्णय हो चुका है और चयन समिति ने इसमें महासभा के निर्धारित नियमों व प्रक्रिया का अक्षरशः अनुपालन किया है। इस पर मंच संचालन कर रहे राष्ट्रीय महासचिव श्री अटल कुमार गुप्ता ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि ‘यह कैसी प्रक्रिया है जिसकी जानकारी राष्ट्रीय महासचिव तक को नहीं है, और यहां तक कि बैठक के एजेंडे में भी इसका जिक्र नहीं किया गया। और, अब इसे लेकर कोई अपनी आपत्ति दर्ज कराना चाहता है तो उसकी बात भी नहीं सुनी जा रही है।’ रोष में वह पद और संगठन से इस्तीफे की घोषणा कर मंच छोड़कर अपने कमरे में चले गए और कुछ देर बाद कोयंबटूर के लिए रवाना हो गए।
दूसरी तरफ, बताया गया कि महासभा के नए अध्यक्ष को लेकर करीब छह महीने पहले से चयन समिति का गठन किया गया था जो अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित नामों पर विमर्श और रायशुमारी कर रही थी। चयन समिति सदस्यों पूर्व विधायक श्री प्रदीप भाई जायसवाल (बड़ौदा), पूर्व विधायक श्री प्रकाश चौधरी (चित्तौड़गढ़), संरक्षक श्री अजय कुमार जायसवाल (लखनऊ), श्री भरतलाल जायसवाल (इंदौर) और श्री ईश्वर साव जायसवाल (मुंबई) ने सर्वसम्मति के आधार पर श्री राजकिशोर जायसवाल ‘पापा मोदी’का नाम तय किया था, और ओंकारेश्वर बैठक में इसकी औपचारिक घोषणा कर दी गई।
बैठक में मौजूद लोगों ने नए अध्यक्ष श्री राजकिशोर जायसवाल का जोरदार स्वागत किया। श्री राजकिशोर जायसवाल महाराष्ट्र में बीड जिले के अंबाजोगाई नगर से हैं और जनपद के राजनीतिक, सामाजिक-सांस्कृति, शैक्षणिक व सहकारिता जगत की शीर्ष हस्ती हस्तियों में उन्हें शुमार किया जाता है। कलचुरी समाज में राष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रखर विचारों, प्रभावशाली संवादशैली और कार्यशैली के लिए उनकी खास पहचान है। वह महाराष्ट्र प्रदेश जायसवाल समाज महासंघटन, मुंबई के अध्यक्ष और अखिल भारतीय सर्ववर्गीय कलवार महासभा, दिल्ली के कार्याध्यक्ष भी हैं। अंबाजोगाई नगर के विकास में उनका विशेष योगदान है जिसके चलते वह 25 वर्षों से अंबाजोगाई नगर परिषद पर अपना प्रभाव बनाए हुए हैं। वह तीन बार (दस वर्ष) स्वयं नगर परिषद अध्यक्ष रहे, और दस वर्ष उन्होंने अपने परिवार की श्रीमती रचना सुरेश मोदी को अंबाजोगाई नगर परिषद का अध्यक्ष बनाया। वह कई शिक्षण संस्थानों के संचालक हैं और शिक्षा-सेवी के रूप में उनकी विशेष प्रतिष्ठा है। विभिन्न क्षेत्रों में उनकी उपलब्धियों और योगदान की लंबी फेहरिस्त है जिसकी चर्चा बाद के आलेख में करेंगे। श्री राजकिशोर मोदी ने महासभा का अध्यक्ष बनाए जाने के लिए चयन समिति और सभी पदाधिकारियों व सदस्यों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उनके शपथ-ग्रहण और कार्यकारिणी गठन को लेकर आगामी कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी।
इससे पूर्व बैठक का शुभारंभ कलचुरी समाज के आराध्य भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष श्री सुभाष जायसवाल (पीथमपुर) ने स्वागत उदबोधन दिया। श्री राजेश जायसवाल ने कार्यक्रम स्थल ‘अतिथि भवन ट्रस्ट’ की जानकारी दी जो इसकी प्रबंध समिति के अध्यक्ष भी हैं। अंत में श्री राजेश जायसवाल तथा एडवोकेट ओमप्रकाश जायसवाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए व्यक्त करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की। संचालन प्रदेश महासचिव इंजी सूरज जायसवाल ने किया। बैठक में देश के अधिकांश प्रदेशों से लगभग 250 प्रतिनिधि शामिल हुए थे।
