March 30, 2026
शिवहरे वाणी, D-30, न्यू आगरा, आगरा-282005 [भारत]
समाचार

भिंड में भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा स्थापित होगी; पुरानी गल्ला मंडी में तय होगा स्थान; विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने शिवहरे समाज को दिया आश्वासन

भिंड।
मध्य प्रदेश के भिंड शहर में जल्द ही कलचुरी समाज के आराध्य राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की प्रतिमा स्थापित होगी। स्थानीय विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने गल्ला मंडी में यह प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन दिया है। नगर में भगवान सहस्रबाहु की यह पहली प्रतिमा होगी।

शिवहरे समाज भिंड के नवनिर्वाचित अध्यक्ष वीरेंद्र शिवहरे के नेतृत्व में स्वजातीय युवाओं के प्रतिनिधिमंडल ने बीते रोज स्थानीय विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह से भेंट की थी। इस दौरान युवाओं ने नगर में भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा लगवाने की मांग उनके सामने रखी। दलील दी कि भिंड में लगभग सभी समाजों के महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की जा चुकी हैं। ऐसे में शिवहरे समाज की बड़ी आबादी और उसकी आस्था को देखते हुए भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा भी लगाई जानी चाहिए। विधायक नरेंद्र सिंह तोमर ने मांग को गंभीरता से लेते हुए पुरानी गल्ला मंडी परिसर में जल्द ही भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन प्रतिनिधिमंडल को दिया। इस पर सभी ने विधायक का आभार व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि पुरानी गल्ला मंडी के आसपास खासी संख्या में शिवहरे समाज के परिवार रहते हैं, जो भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा स्थापित होने के बाद उसकी देखभाल आसानी से कर सकेंगे।

बैठक के बाद अध्यक्ष वीरेंद्र शिवहरे ने शिवहरेवाणी को बताया कि विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने इस संबंध में जल्द से जल्द नगर पालिका परिषद में एक प्रस्ताव पारित कराने की बात कही है। उन्होंने बताया कि भिंड नगर में शिवहरे समाज के 435 परिवार हैं और कुल संख्या लगभग 2750 है। इतनी आबादी के बाद भी यहां हमारे आराध्य भगवान सहस्रबाहु की एक भी प्रतिमा स्थापित नहीं की गई है, जबकि इससे कम आबादी वाले कई समाजों के महापुरुषों की प्रतिमाएं लगी हुईं हैं। उन्होंने कहा कि अब विधायक के आश्वासन के बाद इस संबंध में सभी सरकारी प्रक्रियाएं जल्द से जल्द संपन्न हों, इसे सुनिश्चित करने का प्रयास शिवहरे समाज करेगा।

इस अवसर पर बृजलाल शिवहरे, रामकिशोर शिवहरे, बबलू शिवहरे, राजकुमार शिवहरे, राजेश गुप्ता, शानू शिवहरे, नवीन शिवहरे बंटू, बालकराम शिवहरे, गुड्डू शिवहरे, संतोष शिवहरे, पवन शिवहरे, यतेंद्र, दिनेश शिवहरे, विजय शिवहरे, भोले शिवहरे, चंद्रप्रकाश शिवहरे, सतेंद्र गुप्ता, संजय शिवहरे, सोनू शिवहरे, अवधेश शिवहरे सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Leave feedback about this

  • Quality
  • Price
  • Service

PROS

+
Add Field

CONS

+
Add Field
Choose Image
Choose Video