भोपाल।
कलचुरी समाज के आराध्य राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की महिमाओं पर आधारित फिल्म ‘जय महिष्मती’ का प्रीमियर बीते शुक्रवार भोपाल के रविंद्र भवन में हुआ। कलचुरी समाजजनों को भगवान सहस्रबाहु की नियमित पूजा-अर्चना के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से बनाई गई यह फिल्म इस दिशा में सामाजिक स्तर पर चल रहे तमाम अभियानों की कड़ी में एक अभिनव पहल है।
फिल्म बनाना आसान काम नहीं है। इसके लिए बड़े संसाधनों की जरूरत होती है, खासा पैसा खर्च होता है, मेहनत लगती है, वक्त औऱ दिमाग खपाना पड़ता है। निर्माता डा. एलएन मालवीय औऱ निर्देशक रामशंकर शिवहरे ने बिना किसी आर्थिक लाभ की आकांक्षा से जिस भाव-भावना और शिद्दत से यह फिल्म बनाई है, उसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। फिल्म में चार अलग-अलग कहानियों को रोचक अंदाज में एक सिलसिले में बांधकर दर्शकों को समझाने का प्रयास किया गया है कि भगवान सहस्रबाहु किस प्रकार अपने भक्तों को अपनी कृपाओं से नवाजते हैं। उनकी नियमित पूजा से कारोबार में प्रगति होती है, जीवन में समृद्धि आती है, परिवार मे शांति रहती है, खोया हुआ प्राप्त होता है।

डा. एलएन मालवीय ने शो से पहले ही यह गुजारिश कर दी कि वह खरगौन से हैं, नियमित रूप से महेश्वर में जाते हैं औऱ अपने जीवन में भगवान सहस्रबाहु की कृपा को महसूस करते हैं। उन्होंने एलएनसीटी के चेयरमैन श्री जयनारायण चौकसे का विशेष आभार व्यक्त किया जिन्होंने भगवान सहस्रबाहु की पूजा-अर्चना के विधि-विधान और उनकी महिमा के तमाम सच्चे किस्सों की जानकारी उन्हें दी, जो फिल्म के लिए प्रेरणा और आधार बने।

तकनीकी दृष्टि से फिल्म औसत दर्जे की है, कुछ दृश्य काफी प्रभावशाली बन पड़े हैं जो दर्शकों को भावुक करते हैं। मजे की बात यह है कि फिल्म निर्माता डा. एलएन मालवीय खुद मुख्य भूमिका में है और अपने अभिनय से प्रभावित करते हैं। निर्देशक रामशंकर शिवहरे को बधाई दी जानी चाहिए कि वह डा. मालवीय समेत फिल्म में अभिनय करने वाले अन्य कलचुरी समाजजनों के भीतर दबे एक कलाकार को उभारने में सफल रहे। कुल मिलाकर संवाद, अभिनय, संगीत और कुशल एडीटिंग के संयोजन से यह फिल्म अपने खास दर्शकों को सवा दो घंटे बांधे रखने में सक्षम है। रविंद्र भवन में शो के दौरान कभी तालियों तो कभी ठहाकों की गूंज इसकी तस्दीक कर रही थी। आस्थावान दर्शकों को यह फिल्म प्रेरित करेगी, ऐसी उम्मीद की जानी चाहिए।

प्रीमियर शो का उदघाटन भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, अखिल भारतवर्षी हैहय कलचुरी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जयनारायण चौकसे, कलचुरी महासंघ की राष्ट्रीय संयोजिका श्रीमती अर्चना जायसवाल ने भगवान सहस्रबाहु के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महापौर श्रीमती मालती राय ने फिल्म निर्माता डा. एमएल मालवीय और निर्देशक रामशंकर शिवहरे की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सभी समाजजनों को यह फिल्म देखनी चाहिए।

प्रीमियर शो में पूर्व मंत्री श्रीमती मंजू राय, वरिष्ठ समाजसेवी एमएल राय, विंग कमांडकर विनोद राय, शंकरलाल राय, पंकज चौकसे (गोटेगांव), किशोर राय (नरसिंहपुर), प्रकाश मालवीय, श्रीमती कल्पना राय, कौशल राय, राजन सेवईवार, वीरेंद्र राय पप्पू भैया, विपिन चौकसे, विष्णु शिवहरे (झांसी), संजय चौकसे, तुलसीराम राय (ग्वालियर) समेत बड़ी संख्या में कलचुरी समाजजनों ने भागीदारी की। निर्माता डा. एलएन राय ने अतिथियों का स्वागत किया। बाद में अतिथियों ने कलचुरी समाज की ओर से डा. एलएन राय, डायरेक्टर रामशंकर शिवहरे औऱ सभी कलाकारों का मंच पर अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन प्रकाश राय ने किया।












Leave feedback about this