Uncategorized शिक्षा/करियर समाचार

‘स्वास्थ्य सेवा यात्रा’ में योगदान के लिए लखनऊ में डा. स्पर्श शिवहरे का सम्मान; योगी आदित्यनाथ और होसबाले ने किया सम्मानित

लखनऊ/आगरा।
देश के टॉप रैंकिंग मेडिकल कॉलेजों में शुमार लखनऊ के केजीएमसी (किंग जॉर्ज मेडिकल कालेज) से एमडी कर रहे डा. स्पर्श शिवहरे ने बीते दिनों गोरखपुर में ‘श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा’ ने महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कीं, जिसके लिए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आरएसएस के सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले ने उन्हें सम्मानित किया।
गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में युवा चिकित्सकों की टीम ने भारत-नेपाल सीमा से सटे 6 जिलों (बलरामपुर, लखीमपुर, सिद्धार्थनगर, बहराइच, महाराजगंज, श्रावस्ती) में थारू जनजाति बाहुल्य ग्रामीण इलाकों में बारी-बारी कैंप लगाकर हजारों ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण कराया गया था। खासतौर पर इंसेफेलाइटिस, टीबी, त्वचा रोग जैसी बीमारियों से बचाव और उपचार के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियों से ग्रामीणों को अवगत कराया। मेडिकल वैन में सवार चिकित्सकों की टीम ने 200 से अधिक गांवों में चिकित्सा शिविर लगाए थे। सभी जगह शिविर के बाद ग्रामीणों ने चिकित्सकों का सम्मान किया। डा. स्पर्श शिवहरे ने बताया कि ‘स्वास्थ्य सेवा यात्रा’ उनके लिए एक शानदार अनुभव रहा, जिसने उनके इस विश्वास को और दृढ़ कर दिया है कि डॉक्टरी एक सेवा का पेशा है और एक संवेदनशील व सेवाभावी चिकित्सक ही अपने पेशे के साथ न्याय कर सकता है। बीते दिनों लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल के ऑडीटोरियम में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद आरएसएस के सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले ने और अध्य़क्षता कर रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डा. स्पर्श शिवहरे को ‘श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा’ मे अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया। डा. स्पर्श शिवहरे ने कहा कि इस सम्मान ने उन्हें एक चिकित्सक के रूप में सच्ची जनसेवा के लिए प्रेरित किया है।
आपको बता दें कि आगरा में सिकंदरा निवासी दवा कारोबारी श्री सुबोध शिवहरे एवं श्रीमती प्रीती शिवहरे के पुत्र डा. स्पर्श शिवहरे ने लखनऊ के ही डा. राम मनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान से एमबीबीएस की डिग्री ली है। वर्तमान में वह केजीएमसी से एमडी (एनिस्थीजियोलॉजी एंड क्रिटिकल केयर मेडिसिन) कर रहे हैं। बता दें कि लखनऊ के केजीएमसी कॉलेज की गिनती देश के टॉप-10 मेडिकल कालेजों में होती है। नीट-पीजी परीक्षा में हाई रैंकिंग के चलते उन्हें इस प्रतिष्ठित संस्थान से एमडी करने का मौका मिला है। डा. स्पर्श शिवहरे ने शिवहरेवाणी को बताया कि वह एमडी के बाद डीएम (क्रिटिकल केयर) करना चाहते हैं। डा. स्पर्श शिवहरे की शख्सियत उनके दोनों छोटे भाइयों हर्ष और उत्कर्ष शिवहरे को प्रेरित करती है। हर्ष शिवहरे आईआईटी बांबे से बीटेक कर रहे हैं, जबकि उत्कर्ष शिवहरे दिल्ली स्थित गलगोटिया कॉलेज से इंजीनियरिंग कर रहे हैं।

Exit mobile version