March 4, 2026
शिवहरे वाणी, D-30, न्यू आगरा, आगरा-282005 [भारत]
शिक्षा/करियर समाचार

आगरा की लवी शिवहरे ने हासिल कर ही ली सरकारी नौकरी; मेहनत और लगन से केंद्रीय गृह मंत्रालय में बनी स्टेनोग्राफर; एसएससी परीक्षा में हासिल की सफलता

आगरा।
सरकारी नौकरी की पाने की चाहत तो कई लोगों में होती है, लेकिन कामयाबी उन्हीं को मिलती है जिनके इरादों में दम होता है, असफलता से निराश नहीं होता और कड़ी स्पर्धा में डटा रहता है। आगरा की होनहार बेटी लवी शिवहरे की कामयाबी की ऐसी ही दास्तान है। लवी शिवहरे ने एक सरकारी नौकरी पाने की लगन लगा रखी थी, और पांच साल की कड़ी मेहनत के बाद एसएससी की परीक्षा क्लीयर कर केंद्रीय गृह मंत्रालय में स्टेनोग्राफर की नौकरी हासिल कर ही ली।
केंद्रीय कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) का ओर से 11 जुलाई की दोपहर को स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘सी’ व ’डी’ परीक्षा-2025 की अंतिम परिणाम घोषित किया गया। लवी की कामयाबी से परिवार में खुशी का माहौल है। रिश्तेदार और मित्रों के बधाई कॉल आ रहे हैं। लवी शिवहरे लोहामंडी में आलमगंज निवासी श्री संजीव शिवहरे ‘पिंटू’ (पुत्र स्व. श्री ऋषिकुमार शिवहरे) और श्रीमती साधना शिवहरे की पुत्री हैं। शिवहरेवाणी से बातचीत में लवी ने बताया कि उसने 2020 में एमकॉम करने के बाद सरकारी नौकरी में जाने का इरादा किया था। शुरुआत में कर्मचारी चयन आय़ोग (एसएससी) द्वारा आयोजित विभिन्न परीक्षाएं दीं लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इस दौरान उ.प्र. कर्मचारी चयन आय़ोग की भी कई परीक्षाएं दीं।
लवी शिवहरे लगातार विफलताओं से निराश नहीं हुई, बल्कि परिणामों की समीक्षा और मंथन कर 2023 में स्टेनोग्राफर की परीक्षा अटैंप्ट करने का निर्णय किया। इसके लिए सबसे पहले स्टेनोग्राफी कोर्स ज्वाइन किया। पहले साल पूरा फोकस स्टेनोग्राफी सीखने पर किया और प्रेक्टिस से इसमें महारत हासिल की। वर्ष 2024 में लवी ने पहली बार एसएससी स्टेनोग्राफर की परीक्षा दी लेकिन सफलता नहीं मिली। फिर जनवरी-2025 में यूपी हाईकोर्ट में स्टेनोग्राफर की वेकेंसी के लिए एग्जाम दिया। इस परीक्षा में लवी बहुत मामूली अंतर से चूक गईं। इसके बाद 5 मार्च 2025 को एक बार फिर ‘एसएससी स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘सी’ एंड ’डी’ एग्जाम-2025’ की लिखित परीक्षा दी। लिखित परीक्षा में क्वालीफाई करने के बाद कौशल परीक्षा दी। दोनों परीक्षाओं के अंकों को मिलाकर अंतिम परिणाम तैयार किया गया जो 11 जुलाई-2025 को घोषित किया गया। चयनित अभ्यर्थियों की सूची में अपना नाम देख लवी की खुशी का ठिकाना न रहा। लवी को डॉक्युमेंट वैरीफिकेशन की प्रक्रिया के बाद नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
लवी अपनी सफलता का पहला श्रेय माता-पिता को देती है जिन्होंने उसे तैयारी में पूरा सपोर्ट किया। वह अपने फूफाजी श्री वीरेंद्र गुप्ता शिवहरे एडवोकेट का भी आभार व्यक्त करती है जिन्हें वह अपना प्रेरणास्रोत और मेंटर भी मानती है। लवी की मम्मी श्रीमती साधना गुप्ता ने बताया कि लवी रोज कम से कम 8 घंटे पढ़ती थी। उसने घर की ऊपरी मंजिल के एक कमरे को अपना स्टडी रूम बना लिया था, ताकि पढ़ाई में कोई व्यवधान न पड़े। पिता श्री संजीव शिवहरे ने कहा कि बेटी लवी ने पूरे परिवार का मान बढ़ाया है और यह पूरी तरह उसकी अपनी लगन और मेहनत का सुफल है। लवी शिवहरे ने हाईस्कूल और इंटरमीडियेट की पढ़ाई क्यूवी गर्ल्स इंटर कालेज से की, बीकॉम आगरा कालेज से औऱ एमकॉम सेंट जोंस कालेज से किया।
लवी की सफलता ने छोटी बहन रिया शिवहरे को प्रेरित किया है जो बीकॉम, एलएलबी करने के बाद दिल्ली में फ्रेंच लैंग्वेज का कोर्स कर रही है। वहीं छोटा भाई सजल शिवहरे एमबीए कर चुका है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ ही पिता के प्रतिष्ठान ‘शिवहरे गिफ्ट हाउस’ में भी हाथ बंटाता है। लवी की बड़ी बहन आकांक्षा शिवहरे शास्त्रीपुरम स्थित एक निजी स्कूल में अध्यापिका हैं, जबकि जीजाजी राहुल गुप्ता एक निजी कंपनी सेल्स मैनेजर हैं।

Leave feedback about this

  • Quality
  • Price
  • Service

PROS

+
Add Field

CONS

+
Add Field
Choose Image
Choose Video