भिंड।
भिंड के शिवहरे समाज की कमान अब युवा समाजसेवी वीरेंद्र शिवहरे को सौंपी गई है। शनिवार देर शाम को ‘धनवंतरि बाई धर्मशाला’ में हुई एक बड़ी बैठक में समाजबंधुओं ने वीरेंद्र शिवहरे के नाम पर समर्थन जाहिर किया। अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद वीरेंद्र शिवहरे ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए एक छह-सूत्री एजेंडा समाज के सामने रखा।

स्थानीय शिवहरे समाज के प्रतिनिधि संगठन ‘कलचुरी समवर्गीय महासभा शिवहरे समाज (भिंड)’ के निवर्तमान अध्यक्ष मूलचंद शिवहरे ने बुजुर्गों के मार्गदर्शन में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद वीरेंद्र शिवहरे को जिम्मेदारी सौंप दी। इस दौरान समाजबंधुओं ने वीरेंद्र शिवहरे को फूलमालाएं पहनाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। अध्यक्ष पद ग्रहण करने के बाद वीरेंद्र शिवहरे ने अपने पहले संबोधन में अपनी कार्ययोजना और एजेंडे को समाज के सामने रखा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अपने कार्यक्रमों के माध्यम से भिंड के शिवहरे समाज को प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर कलचुरी समाज के बीच विशेष पहचान और प्रतिष्ठा दिलाना है। इसके लिए वह पहले ही साल से नगर में भगवान सहस्रबाहु जन्मोत्सव समारोह का आयोजन शुरू करेंगे, जिसकी रूपरेखा सर्वसम्मति से तय की जाएगी। इसी तरह शिवहरे समाज का होली मिलन समारोह और भुजरिया मिलन समारोह भी शुरू किया जाएगा।

वीरेंद्र शिवहरे ने कहा कि वह प्रत्येक वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडियेट की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के मेधावी बच्चों, युवा प्रतिभाओं और बुजुर्गों का भी सम्मान समारोह आयोजित कराएंगे। वैवाहिक परिचय सम्मेलन कराने का प्रयास भी करेंगे, जो भिंड में अब तक हो नहीं सका है। उन्होंने बताया कि हाल में भिंड नगर में शिवहरे समाज की जनगणना कराई गई है, वह चाहेंगे कि अब जिलास्तर पर जनगणना अभियान चलाया जाए। उन्होंने बताया कि भिंड नगर में शिवहरे समाज के 435 परिवार हैं और कुल संख्या 2740 है। इनमें 277 अविवाहित लड़के हैं, और 188 अविवाहित लड़कियां। उन्होंने कहा कि भिंड को लेकर बाहर के लोगों धारणाएं वास्तविकता से परे है, जिसके चलते बच्चों के रिश्ते बनाने में दिक्कतें आ रही हैं। लिहाजा प्रयास होगा कि हम परिचय सम्मेलन कराएं जिसमें बाहर के स्वजातीय लोगों को आमंत्रित कर स्थानीय समाज से उनका परिचय कराया भी कराया।

इस दौरान तालियों की गड़गड़ाहट वीरेंद्र शिवहरे के एजेंडे को समाज के समर्थन की तस्दीक कर रही थी। बैठक के बाद सभी ने सौहार्द्रपूर्ण माहौल में स्वल्पाहार प्राप्त किया। बता दें कि 46 वर्षीय वीरेंद्र शिवहरे पेशे से प्रतिष्ठित टैंट कारोबारी हैं, और ‘संस्कृति मैरिज होम’ के प्रोपराइटर भी हैं। इटावा रोड पर उनका निवास है जहां वह चार भाइयों के साथ संयुक्त परिवार में रहते हैं। पत्नी गृहणी हैं, उनकी दो पुत्रियां और एक पुत्र है, जो फिलहाल अपनी पढ़ाई कर रहे हैं।












Leave feedback about this