आगरा।
कलचुरी समाज के आराध्य राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की महिमा पर आधारित फिल्म ‘जय महिष्मती’ के निर्माता डा. एलएन मालवीय एवं निर्देशक श्री रामशंकर शिवहरे को प्रतिष्ठित ‘शिवहरे कला-साहित्य रत्न सम्मान’ दिया जाएगा। आगरा में शिवहरे युवाओं के संगठन ‘शिवहरे समाज एकता परिषद’ के आगामी 20 सितंबर को दाऊजी मंदिर मे होने वाले ‘मेधावी छात्र-छात्रा एवं शिवहरे रत्न सम्मान समारोह’ में उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
शिवहरे समाज एकता परिषद के अध्यक्ष डा. गौरव गुप्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि समारोह में एलईडी स्क्रीन पर ‘जय महिष्मती’ फिल्म के ट्रेलर का प्रदर्शन भी किया जाएगा। परिषद के संस्थापक संयोजक अमित शिवहरे का कहना है कि दाऊजी मंदिर में ‘मेधावी छात्र-छात्रा एवं शिवहरे रत्न सम्मान समारोह’ के समापन और लंच के बाद ‘जय महिष्मती’ का शो आयोजित करने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है।
बता दें कि मूल रूप से खरगौन के रहने वाले डा. एलएन मालवीय वर्तमान में भोपाल में निवास कर रहे हैं जहां एक सफल बिजनेसमैन एवं युवा समाजसेवी के रूप में उन्होंने विशेष ख्याति अर्जित की है। रियल एस्टेट और मीडिया कारोबार में वह एक बड़ा नाम है। कलचुरी समाज, भगवान सहस्रबाहु और महेश्वर तीर्थ से डा. मालवीय का जुड़ाव बचपन से रहा है। वह अपनी सफलता को भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की कृपा मानते हैं। उनका दृढ़ विश्वास है कि भगवान सहस्रबाहु की नियमित पूजा-अर्चना के शुभ परिणाम जीवन में प्राप्त होते हैं, क्योंकि उन्होंने अपने जीवन में ऐसे चमत्कार देखे हैं। फिल्म की कहानी दरअसल उनके जीवन की सच्ची घटनाओं पर आधारित है, और मुख्य किरदार भी उन्होंने ही अभिनीत किया है। ‘जय महिष्मती’ फिल्म के निर्माण के पीछे उनका मूल उद्देश्य कलचुरी समाजजनों को भगवान सहस्रबाहु की नियमित पूजा-अर्चना के लिए प्रेरित करना है। कहना न होगा कि उनका यह प्रयास इस दिशा में सामाजिक स्तर पर चल रहे तमाम अभियानों की कड़ी में एक अभिवन और प्रभावशाली पहल साबित हो रहा है। देशभर के कई शहरों में कलचुरी समाजबंधुओं के लिए फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग की जा चुकी है। अब यह फिल्म यूट्यूब पर भी उपलब्ध है।
वहीं फिल्म के निर्देशक श्री रामशंकर शिवहरे के लिए यह पहला इतना बड़ा प्रोजेक्ट था। इससे पहले वह कई शार्ट फिल्मों का डायरेक्शन कर चुके हैं। झांसी में जन्मे श्री रामशंकर शिवहरे के बचपन का एक हिस्सा आगरा में नाई की मंडी की तंग गलियों में बीता है। यहां से भोपाल जाने के बाद उन्होंने फिल्म अभिनय और निर्देशन के शौक को आगे बढ़ाया। शिवहरेवाणी से बातचीत में उन्होंने बताया कि भगवान सहस्रबाहु पर एक फिल्म बनाने का पुराना सपना था, जो डा. मालवीयजी के सहयोग से साकार हो सका है। इतनी बड़ी लागत से तैयार फिल्म कलचुरी समाजबंधुओं को निःशुल्क दिखाई जा रही है, और अब यूट्यूब पर भी यह निःशुल्क उपलब्ध है। श्री शिवहरे ने कहा कि इसके पीछे हमारी भावना यही है, कि यदि हम समाज के कुछ लोगों को भी भगवान सहस्रबाहु की महिमा से अवगत करा उनके नियमित पूजन के लिए प्रेरित कर सकें तो हम अपने उद्देश्य को सफल मानेंगे। और हर्ष की बात यह है कि ऐसा हो भी रहा है।
शिवहरे समाज एकता परिषद की टीम ने 20 सितंबर को ‘मेधावी छात्र-छात्रा एवं शिवहरे रत्न सम्मान समारोह’ में पधारने की स्वीकृति प्रदान कर ‘शिवहरे रत्न सम्मान’ की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए डा. एलएन मालवीय और श्री रामशंकर शिवहरे का आभार व्यक्त किया है।
समाचार
समाज
भोपाल के डा. एलएन मालवीय और रामशंकर शिवहरे को आगरा में दिया जाएगा ‘शिवहरे रत्न’ अवार्ड; दाऊजी मंदिर में 20 सितंबर को ‘सम्मान समारोह’ की तैयारियां तेज
- by admin
- September 15, 2026
- 0 Comments
- Less than a minute
- 42 minutes ago













