समाचार समाज

औरैयाः भुवन प्रकाश गुप्ता (शिवहरे) बने भाजपा के जिलाध्यक्ष; गुरुदेव को दिया था भाजपा के लिए काम करने और चुनाव नहीं लड़ने का वचन

औरैया। 
भारतीय जनता पार्टी ने औरैया में अपनी खोई जमीन को फिर से हासिल करने की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेता भुवन प्रकाश गुप्ता (शिवहरे) को सौंपी है। बीते शुक्रवार को भाजपा ने भुवन प्रकाश को पार्टी का नया जिला अध्यक्ष घोषित किया, तो कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा कार्यकर्ताओं के जोश का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आज पांच दिन बाद भी भुवन प्रकाश के स्वागत का सिलसिला थमा नहीं है। भुवन प्रकाश कहते हैं कि 2024 के आमचुनाव को देखते हुए जनपद में पार्टी की जड़ों को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। 
पेट्रोल पंप एवं ईंट-भट्टा कारोबारी भुवन प्रकाश गुप्ता (शिवहरे) पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता माने जाते हैं। वह राम जन्मभूमि आंदोलन के समय से भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। भुवनप्रकाश की निष्ठा और समर्पण को देखते हुए भाजपा ने उन्हें तीन बार जिला महामंत्री बनाया और इतनी ही बार जिला उपाध्यक्ष भी बनाया। लेकिन, 2024 के चुनाव से पहले पार्टी ने पूरे भरोसे के साथ उन्हें जिले की कमान सौंपी है। भुवन प्रकाश गुप्ता के बारे मे कहा जाता कि वह बिना किसी स्वार्थ के भाजपा के लिए काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ता हैं। शिवहरेवाणी से बातचीत में भुवन प्रकाश गुप्ता ने कहा भी, कि खुद चुनाव लड़ने में उनकी कोई रुचि नहीं है। उन्होंने बताया कि वह युगपुरुष स्वामी परमानंदजी महाराज के शिष्य हैं जो साध्वी ऋतंभरा के भी गुरू हैं। उन्होंने कहा कि गुरुदेव ने उनसे वचन लिया था कि वह आजीवन भाजपा के लिए काम करेंगे, और कभी चुनाव लड़ने की लालसा मन में नहीं आने देंगे। वह गुरुदेव को दिए इस वचन का मन-वचन-कर्म से पालन कर रहे हैं। भुवन प्रकाश का कहना है कि उनकी राजनीति का लक्ष्य जनसेवा है, ना कि चुनाव लड़ना।
औरैया में तिलकनगर निवासी 55 वर्षीय श्री भुवनप्रकाश गुप्ता (पुत्र स्व. श्री साधुदास गुप्ता) की छवि एक सुशिक्षित और समर्पित भाजपा नेता की है। एमकॉम शिक्षित भुवन प्रकाश पेट्रोल पंप और ईंट-भट्टा कारोबारी हैं। हालांकि अब उनका सारा कारोबार उनके दोनों पुत्र देखते हैं, और वह खुद एक फुलटाइम पॉलिटिशियन की तरह भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। बड़े पुत्र सार्वभौम शिवहरे ईंट-भट्टा ‘पीतांबरा ब्रिक-फिल्ड’ संभालते हैं तो छोटे पुत्र वेदान्त शिवहरे कानपुर रोड स्थित पेट्रोल-पंप ‘वेदान्त फिलिंग स्टेशन’ का काम देखते हैं। श्री भुवन प्रकाश की धर्मपत्नी श्रीमती शिवलता शिवहरे धार्मिक विचारों वाली घरेलू महिला हैं। 
 

Exit mobile version