भोपाल।
कोरोना महामारी की दूसरी लहर में कलचुरी समाज के ज्यादातर संगठन अपनी-अपनी तरह से सेवा और सहायता कार्यों में लगे हुए हैं। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कलचुरी समाज ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कोविड-19 सहायता कोष में 2 लाख रुपये की धनराशि देने का निर्णय किया है। साथ ही समाज को कोरोना से सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाएगा।
ये निर्णय श्री सहस्रबाहु कलचुरी महासभा की रविवार को हुई वर्चुअल मीटिंग में लिये गए। महासभा के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजाराम शिवहरे ने शिवहरेवाणी को बताया कि उनके संगठन की ओर से 2 लाख रुपये की धनराशि मुख्यमंत्री कोविड-19 सहायता कोष को चेक के रूप में शिवराज सिंह चौहान को प्रदान की जाएगी, ताकि महामारी की व्यवस्थाओं में इसका उपयोग हो सके।
मीटिंग में तय किया गया कि महासभा की ओर से कलचुरी समाज को महामारी से सुरक्षित रखने हेतु तीन बिंदुओं पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। पहला बिंदु वैक्सीनेशन का है क्योंकि कोरोना के खिलाफ वैक्सीन अब तक का सबसे असरदार हथियार साबित हो रहा है। लिहाजा, महासभा ने तय किया है कि उसके द्वारा समाज के भी सदस्यों के सौ फीसदी वैक्सीनेशन हेत जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, कोशिश होगी कि समाज का कोई भी सदस्य वैक्सीनेशन से वंचित नहीं रह सके।
महासभा ने सभी समाज बंधुओं को शासन द्वारा तय किए गए कोविड नियमों के पालन हेतु जागरूक करने का निर्णय किया है। समाज बंधुओं को मास्क पहनने, घर पर रहने, एवं दो गज की दूरी के महत्व को समझाते हुए इसका अनुपालन करने के लिए प्रेरित का जाएगा। इसके लिए बहुत जल्द जागरूकता अभियान छेड़ा जाएगा। वर्चुअल मीटिंग में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष विंग कमांडर श्री व्ही.के. राय, सलाहकार एस एल. राय, एच.पी. जायसवाल, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजाराम शिवहरे, राष्ट्रीय महासचिव ओ.पी. चौकसे, राष्ट्रीय सहसचिव जी.सी. जायसवाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष आर.के. चौकसे , राष्ट्रीय सचिव प्रकाश मालवीय, प्रदेश अध्यक्ष एच.पी. शिवहरे, प्रदेश महामंत्री प्रकाश राय आदि कार्यकारणी के सदस्य सम्मिलित हुए।
कोरोनाः शिवराज सिंह चौहान जी को दो लाख रुपए देगा कलचुरी समाज, और भी कई अहम निर्णय
