August 4, 2025
शिवहरे वाणी, D-30, न्यू आगरा, आगरा-282005 [भारत]
समाचार

भाजपा प्रत्याशी रमा देवी जायसवाल की हैटट्रिक सुनिश्चित करेगा कलचुरी समाज

शिवहरे वाणी नेटवर्क
शिवहर। 
लोकसभा चुनाव 2019 के छठवें चरण के अंतर्गत 12 मई को 7 राज्यों की  59 सीटों पर मतदान होना है जिनमें बिहार की शिवहर सीट भी शामिल है। यहां से मौजूदा भाजपा सांसद श्रीमती रमा देवी जायसवाल हैटट्रिक बनाने की राह पर हैं। खास बात यह है कि रमा देवी की लगातार तीसरी जीत सुनिश्चित करने के लिए उन्हें जायसवाल समाज ने अपना पूरा समर्थन व्यक्त किया है। 
बीते दिनों अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिवहर पहुंचकर से मुलाकात की और उन्हें समाज के समर्थन का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल वहां स्वजातीय लोगों से भी मिला और रमा देवी के समर्थन में अभूतपूर्व मतदान करने का आह्वान किया। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप भाई धीरज लाल जायसवाल के नेतृत्व वाले इस प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ कार्यकारी अध्यक्ष एवं पत्रकार श्री अजय कुमार जायसवाल (इंदौर), राष्ट्रीय महासचिव अशोक जायसवाल, उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र प्रभारी जायसवाल अटल कुमार गुप्ता ,कार्यकारी अध्यक्ष कपिल जायसवाल (कानपुर), उत्तर प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री धर्मेन्द्र राज शिवहरे (आगरा), जायसवाल नवीन प्रकाश सिंह (लखनऊ) शामिल रहे। 
लगातार दो बार शिवहर से सांसद रमा देवी बिहार सरकार के पूर्व मंत्री स्व. बृज बिहारी प्रसाद की पत्नी हैं। 13 जून, 1998 को बृजबिहारी प्रसाद की हत्या आईजीआईएमएस कैंपस में कर दी गई थी जहां वे इलाज कराने गए थे। पति की मौत के बाद रमा देवी को राजनीति में आना पड़ा। रमा देवी ने वर्ष 2000 में पहली बार मोतीहारी विधानसभा सीट से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ा और भाजपा प्रत्याशी को हराकर विधायक बनीं। उन्होंने बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री, लोक स्वास्थ्य और इंजीनियरिंग विभाग की जिम्मेदारी को बखूबी संभाला। 2009 में रमा देवी भाजपा में शामिल हो गईं और पहली बार शिवहर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर सांसद चुनीं गईं। 2014 में लगातार दूसरी बार सांसद बनीं।  70 वर्षीय रमा देवी का लोकसभा में शानदार प्रदर्शन रहा जिसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सांसद के अवार्ड से भी नवाजा गया। पिछले 5 सालों के दौरान लोकसभा में उनकी उपस्थिति 97 प्रतिशत रही है, 126 डिबेट में हिस्सा लिया और  566 प्रश्न पूछे हैं। विभिन्न मुद्दों पर 7 प्राइवेट मेंबर बिल भी लेकर आईं। उन्होंने अपने सांसद निधि के आवंटित हिस्से का पूरा 100 फीसदी खर्च किया है।
रमा देवी का जन्म 1948 में वैशाली जिले के लालगंज में हुआ था। उनके पिता कैलाश प्रसाद चौधरी जाने-माने कृषिविद और व्यवसायी थे, माताजी श्रीमती धारभारन देवी धार्मिक विचारों की संस्कारवान महिला थीं। रमा देवी ने मुजफ्फरपुर से एलएलबी की पढ़ाई की है। उनके दो पुत्र और 3 पुत्रियां हैं। बिहार में गरीब महिलाओं के उत्थान के लिए रमा देवी संघर्षशील रही हैं। स्वजातीय जायसवाल समाज में भी वह सक्रिय रहीं और विभिन्न मंचों से जायसवाल समाज की आवाज को बुलंद करती रही हैं। समाज में उनकी सक्रियता का ही परिणाम है कि आज शिवहर क्षेत्र का जायसवाल समाज उनके समर्थन में एकजुट नजर आ रहा है।
करीब 15 लाख मतदाताओं वाले शिवहर क्षेत्र में वैश्य वोटर्स की संख्या सबसे अधिक करीब 3.9 लाख है। यूं तो यहां वैश्य समाज कई उपजातियों में बंटा है, इनमें जायसवाल वोटर्स की संख्या एक लाख से अधिक बताई जाती है। जाहिर है कि जायसवाल समाज का समर्थन रमा देवी की जीत में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। रमा देवी का मुकाबला राजद प्रत्याशी सैयद  फैसल अली से है। 
 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field
    Choose Image
    Choose Video