समाचार

सुबोध कुमार जायसवाल बन सकते हैं सीबीआई के नए निदेशक!

शिवहरे वाणी नेटवर्क/एजेंसियां।
नई दिल्ली
आलोक वर्मा को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीइआई) के निदेशक पद से हटाए जाने के एक दिन बाद एजेंसी के नए निदेशक के नाम को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं। यूं तो इसके लिए कई आईपीएस अधिकारियों के नामों की चर्चा है। लेकिन, मुंबई पुलिस आयुक्त सुबोध कुमार जायसवाल का नाम सबसे आगे चल रहा है। 
मुंबई पुलिस आयुक्त सुबोध कुमार जायसवाल रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) को सेवाएं प्रदान कर चुके हैं। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण मामलों की जांचों में भी वह शामिल रहे हैं। मुंबई पुलिस आयुक्त बनने से पहले वह कैबिनेट सचिवालय में बतौर अतिरिक्त सचिव कार्यरत थे। 
22 सितंबर, 1962 को जन्मे सुबोध कुमार जायसवाल ने चंडीगढ़ के डीएवी कालेज से इंग्लिश से स्नातक किया और पंजाब यूनीवर्सिटी से एमबीए की डिग्री ली। वह 1985 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। 
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, नए नाम पर फैसले की घोषणा इस महीने के अंतिम सप्ताह से पहले या अंतिम सप्ताह में हो सकती है। सूत्रों का दावा है कि सीबीआई प्रमुख पद के लिए करीब 17 आईपीएस अधिकारियों की सूची भेजी गई है। इनमें सुबोध कुमार जायसवाल के नाम पर मुहर लगने की संभावना सबसे प्रबल है। 
जायसवाल ने कई बड़े मामलों की जांच की है। मुंबई पुलिस में पहले भी अपनी सेवा दे चुके जायसवाल कई करोड़ रुपये के जाली स्टंप पेपर घोटाले की जांच करने वाले विशेष दल के प्रमुख थे। वह एटीएस में डीआईजी रह चुके हैं। 
साल 2006 में हुए मालेगांव विस्फोट मामले की जांच भी जायसवाल ने ही की थी। यही नहीं, जायसवाल गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान एंटी-नक्सल ऑपरेशन्स के लिए भी चर्चित रहे।  

Exit mobile version