शिवहरे वाणी नेटवर्क
भोपाल।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कलचुरी समाज एक ऐसी अनोखी पहल करने जा रहा है, जिससे समाज की युवा पीढ़ी अपने आराध्य श्री सहस्त्रार्जुन महाराज जी के विषय में न केवल जानने लगेगी, बल्कि उनके प्रति सच्चे सम्मान और श्रद्धा के भाव भी उनमें जागृत होंगे। भारत में पहली बार श्री सहस्त्रबाहु मनोकामना एवं सिद्ध यज्ञ के भव्य आयोजन यहां किया जा रहा है। राष्ट्रीय बालसंत श्री शैलेन्द्रकृष्ण शास्त्री महाराज के मुखवाणी से तीन दिवसीय श्री सहस्त्रबाहू कथा, महायज्ञ, एवम् भण्डारे में पूरे देश से समाज बंधु शामिल होकर कथा का श्रवणपान कर महायज्ञ मे आहूति देकर धर्मलाभ लेगें। इस दौरान स्वजातीय संत श्री श्री 1008 महामण्डलेश्वर श्री संतोष आनंद जी अवधूत आश्रम हरिद्वार और मथुरा के संत हरीदासजी भी उपस्थिति ला रहे हैं। खास बात यह है कि समारोह की अध्यक्षता स्वयं श्री सहस्त्रबाहु महाराज करेंगे।
20 नवंबर से होने वाला यह भव्य आयोजन भोपाल मे करोंद स्थित सिमरन मैरिज गार्डन में किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, समारोह का शुभारंभ अखंड ज्योति यात्रा से होगा जो महेश्वर धाम से भोपाल तक होगी। समाजबंधु 17 नवंबर को भोपाल से महेश्वर धाम रवाना होंगे जहां भगवान श्री सहस्त्रबाहु के समक्ष 11 अखंड ज्योतियां प्रज्ज्वलित हैं। 18 नवंबर को सभी लोग अखंड ज्योति लेकर धार्मिक यात्रा के रूप में भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे। इस दौरान रास्ते में इंदौर, देवास, सीहोर और बीच के पड़ने वाले कई गांव-कस्बों में यात्रा का स्वागत होगा और स्थानीय समाजबंधु अखंड ज्योति के दर्शन करेंगे।
19 नवंबर को यात्रा भोपाल पहुंचेगी जहां उसका जोरदार स्वागत किया जाएगा। अगले दिन 20 नवंबर को सभी के लिए अखण्ड ज्योति दर्शन होंगे। साथ ही समाज की महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलशयात्रा बसंतकुंज स्थित श्री सहस्त्रबाहु मंदिर से शुरू होकर सिमरन मैरिज गार्डन पर पहुंचेगी। इसके उपरांत मंडप पूजन ,हवन और फिर राष्ट्रीय बालसंत श्री शैलेन्द्रकृष्ण शास्त्री महाराज के मुखवाणी से श्रीसहस्त्रबाहु कथा का शुभारंभ होगा। 21 नवंबर को भगवान श्री सहस्त्रबाहु कथा जारी रहेगी और भगवान श्री सहस्त्रबाहुजी का हवन-यज्ञ होगा। 22 नवंबर को पूर्णाहुति और भंडारे के साथ आयोजन का समापन होगा। खास बात यह है कि कार्यक्रम के तीनों दिन यानी हर दिन 24 घंटे भंडारा चलता रहेगा।
आयोजन से जुड़े कलचुरी सेना के श्री विपिन राय ने शिवहरे वाणी को बताया कि समिति का लक्ष्य इस महायज्ञ में 251 यजमानों द्वारा आहुतियां दिलाए जाने की हैं। प्रत्येक यजमान को इसके लिए 5001 का सहयोग करना होगा। यजमान के ठहरने , भोजन प्रसादी , पूजन सामग्री और हवन सामग्री की व्यवस्था समिति द्वारा की जाएगी, जिसके लिए उनसे कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। श्री राय ने बताया कि अभी तक लगभग 150 जयमान अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। प्रयास यह है कि यजमानों में देश के प्रत्येक राज्य से लोग शामिल हों। आयोजक यज्ञ के लिए अभी 9 कुंड की व्यवस्था लेकर चल रहे हैं। लेकिन यदि विशेष आग्रहों पर यजमानों की संख्या बढ़ती है तो कुंडों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है।
आयोजन में भोपाल में कलचुरी समाज के सभी संगठन सहयोग कर रहे हैं। इनमें कलचुरी सेना, सह्स्त्रबाहु कलचुरी महासभा, वरिष्ठ नागरिक मंच और युवा हैहय क्षत्रिय कलचुरी कलार महासभा प्रमुख हैं। श्री राय ने शिवहरे वाणी के माध्यम से सभी कलचुरी बंधुओं से आग्रह किया है कि यदि वे इस महान आयोजन और महायज्ञ में यजमान बनने के इच्छुक हैं तो वे आयोजन समिति से जल्द कर सकते हैं।
श्री सहस्त्रबाहु महाराज की अध्यक्षता में होगा अनोखा काम… कि सहस्त्रबाहुमय हो जाएगी भोपाल नगरी
