शिवहरे वाणी नेटवर्क
शिवपुरी।
हाल ही में अनोखी सेफ्टी डिवाइस बनाने वाले संस्कार शिवहरे (ऊपर चित्र में टाई पहने हुए) ने अब एक ऐसा वाटर अलार्म सिस्टम बनाया है जिससे नल में पानी आते ही अलार्म बजने लगेगा। यानी आपको बार-बार नल चेक नहीं करना पड़ेगा और आप सही समय पर मोटर ऑन कर सकते हैं। दरअसल यह सिस्टम शिवपुरी के गीता पब्लिक स्कूल के रोबोटिक्स क्लब के कक्षा दस के विद्यार्थियों ने तैयार किया है और संस्कार शिवहरे इसके सदस्य हैं।

पानी की किल्लत वाले क्षेत्रों में नल में पानी आने का इंतजार करना आम बात है। गर्मी के मौसम में यह समस्या बढ़ जाती है। गृहणियों का काफी वक्त बार-बार नल चेक करने में ही चला जाता है। छात्रों ने इस समस्या के निदान के लिए एक विशेष सर्किट बनाया है जिसकी मदद से दो कनेक्टिंग वायर्स (तारों) को नल के पाइप में लगा देते हैं और जैसे ही पानी आता है, ये तार उसकी आर्द्रता (मॉयश्चर) को सेंस करके बजर (सायरन) बजा देते है। बजर से हमें पता लग जाएगा कि नल आ गए हैं और हम मोटर को ऑन कर सकते हैं। इस डिवाइस को बनाने में संस्कार शिवहरे के अलावा उनके तीन अन्य सहपाठियों शिवप्रताप, आदित्य और उज्ज्वल का योगदान रहा है।
बता दें कि हाल ही में संस्कार शिवहरे ने अपने साथी छात्र दुष्यंत रघुवंशी के साथ मिलकर एक सेफ्टी डिवाइस तैयार की थी। यह सेंसर डिवाइस दरअसल एक विशेष सर्किट से तैयार की गई थी जिसमें सेवन सेगमेंट डिस्प्ले लगाया गया और इसके साथ रिसीवर ट्रांसमीटर को जोड़ा गया। इसमें एक ऑप्शनल एंप्लीफायर भी लगाया, जिसके साथ 4 काउंटिंग डिकोडर यूज किए गए। एक जेनर डायोड रजिस्टेंस और ट्रांजिसटर को संयोजित किया।
गेट पर लगाई जाने वाली इस डिवाइस के सेंसर किसी भी असामान्य हरकत या गतिविधि के होने पर सीसीटीवी कैमरों से कनेक्ट हो जाएंगे और तब आसानी से पता लगाया जा लग जाएगा कि कैंपस मे कितने लोग हैं, किस हाल में हैं। इसका इस्तेमाल स्कूल, कालेज, हास्पिटल, सिनेमाघर, मॉल जैसी जगहों पर किया जा सकता है।