समाचार

सोनी शिवहरे ने सिरसागंज पालिका अध्यक्ष पद की शपथ ली

by Som Sahu December 12, 2017  घटनाक्रमराजनीति 426

शिवहरे वाणी नेटवर्क

सिरसागंज।

फिरोजाबाद जिले की सिरसागंज नगर पालिका के नवनिर्वाचित चेयरमैन संत कुमार शिवहरे उर्फ सोनी शिवहरे ने आज पद की शपथ ग्रहण करने के साथ ही कामकाज संभाल लिया है। शपथ ग्रहण समारोह में अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के अध्यक्ष डा. सुमन्त गुप्ता और यूपी के पूर्व मंत्री जयवीर सिंह की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

बता दें कि सोनी शिवहरे ने भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था और रोचक मुकाबले मे निर्दलीय उम्मीदवार गुरुदत्त सिंह को 337 मतों से मात दी थी। सोनी शिवहरे को 5130 मत मिले थे। सपा का गढ़ माने जाने वाले सिरसागंज में सोनी शिवहरे की जीत कितना महत्व रखती है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सिरसागंज नगर पालिका के किसी भी वार्ड से भाजपा का प्रत्याशी पार्षद नहीं चुना गया है। ऐसे में यह देखना रोचक होगा कि सोनी शिवहरे किस तरह अपने काम को कुशलता से अंजाम देते हैं। सोनी शिवहरे ने शिवहरे वाणी को बताया कि उनका फोकस पूरी तरह सिरसागंज के विकास की ओर होगा और इस दिशा में वे सभी पार्षदों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आगे बढ़ेंगे।

बता  दें कि सोनी शिवहरे छात्र जीवन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं। 2012 के नगर पालिका चुनाव में भी सोनी शिवहरे भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी थे लेकिन तब  सपा के उम्मीदवार से बहुत कम मतों के अंतर से हार गए थे।इसके बाद भाजपा ने उन्हें नगर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी। सोनी शिवहरे ने भाजपा नगर अध्यक्ष के पद पर रहते हुए सिरसागंज में पार्टी को और मजबूत करने का काम किया। इनाम के तौर पर 2016 में पार्टी ने उन्हें नगर अध्यक्ष पद के अगले कार्यकाल के लिए भी जारी रखा।

Exit mobile version