आगरा।
सोनी टीवी के शो ‘इंडियाज गॉट टेलेंट सीजन-9’ की फाइनिस्ट रहीं प्रियंका गुप्ता (शिवहरे) की एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। भाजपा नेता कुलभूषण गुप्ता ‘रामभाई’ 22 वर्षीय बेटी प्रियंका गुप्ता 4 नवंबर की दोपहर को अपनी इवेंट कंपनी के सहकर्मी शांतनु चक्रवर्ती के साथ रणथंभौर से आगरा लौट रही थीं। भरतपुर के पास हेलेना टोल प्लाजा पर एक ट्रोला ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर मौत हो गई।
बेहद प्रतिभाशाली प्रियंका गुप्ता की मौत की खबर जिसने भी सुनी, वह स्तब्ध रह गया। बीते रविवार 30 मई को ही शिवहरेवाणी और शिवहरे समाज एकता परिषद ने दाऊजी मंदिर में आयोजित ‘मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह’ में प्रियंका को ‘शिवहरे प्रतिभा सम्मान’ प्रदान किया था। प्रियंका गुप्ता को कई अऩ्य मंचों पर भी सम्मानित किया जा चुका था। ‘इंडियाज गॉट टेलेंट सीजन-9’ में वह आगरा के डांस ग्रुप ‘क्रेजी हॉपर्स’ की सदस्य थी। बीबीए शिक्षित प्रियंका ने हाल ही में अपनी एक इवेंट कंपनी शुरू की थी जिसका पहला कार्यक्रम बीती 3 सितंबर को आगरा में फतेहाबाद रोड स्थित एस.एन.जे.गोल्ड फार्म हाउस में हुआ जिसमें उसने मुंबई के स्टार सिंगर रैपर किंग एवं इंटरनेशनल डीजे ओली का शानदार कंसर्ट कराया था। प्रियंका के पास कई इवेंट प्रोजेक्ट थे। ऐसा ही एक इवेंट उसने बीते रोज रणथंभौर (संवाई माधोपुर, राजस्थान) में कराया था। इसके लिए उसकी पूरी टीम रणथंभौर गई थी। एक अन्य इवेंट उन्हें आगरा में 5 नवंबर को करना था, लिहाजा तैयारी के लिए वह अपने सहकर्मी बल्केश्वर निवासी शांतनु चक्रवर्ती के साथ उसकी गाड़ी से 4 नवंबर की दोपहर 12 बजे आगरा के लिए रवाना हुई थीं। उसकी बाकी टीम अभी रणथंभौर में ही थी। शांप्तनु अपनी मारुति ए-स्टार गाड़ी चला रहा था, पीछे की सीट पर प्रियंका बैठी थी। दोपहर करीब 12.30 बजे प्रियंका ने रामभाई को फोन कर बताया कि आगरा 180 किलोमीटर दूर रह गया है, वह शाम साढ़े तीन बजे तक पहुंच जाएगी। लेकिन इसके आधे घंटे बाद ही हेलेना टोल प्लाजा पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।
प्रियंका की गाड़ी टोल प्लाजा पर क्यू में खड़ी थी। उसके आगे केवल एक ट्रक था जो टोल कटवा रहा था। तभी पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रोला आकर कार से टकरा गया। हादसा इतना भीषण था कि कार सामने वाले ट्रक और ट्रोला के बीच में बुरी तरह दब गई, और कार में सवार शांतनु और प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई। हेलेना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों की शिनाख्त उनके पास से मिले डाक्युमेंट्स से पता लगाकर उनके परिजनों को हादसे की जानकारी दी। रामभाई के पास हेलेना थाने से फोन आया कि आपकी बेटी का एक्सीडेंट हो गया है, आप आ जाइये। रामभाई अपनी पत्नी श्रीमती अलका गुप्ता और तीन अन्य दोस्तों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। उधर शांतनु के घर भी इसी तरह पुलिस से जानकारी मिली। बल्केश्वर की पार्षद ममता शर्मा को जब हादसे की जानकारी हुई तो उन्होंने विधायक श्री विजय शिवहरे को फोन कर रामभाई की बिटिया के साथ हुए हादसे की जानकारी दी। श्री विजय शिवहरे ने फोन पर रामभाई से बात की। उन्हें सहसा यकीन नहीं हुई, तीन दिन पहले ही उन्होंने अपने हाथ से प्रियंका को सम्मानित किया था।
कुछ ही देर में रामभाई के जानने वाले उनके बैंक कालोनी (सुभाष पार्क के सामने) स्थित आवास पर लोग पहुंचने लगे। श्री विजय शिवहरे सबसे पहले पहुंचने वाले लोगों में थे। उधर, हेलेना में देर शाम प्रियंका का पोस्टमार्टम कर उसका शव परिजनो को सौंप दिया। रात नौ बजे रामभाई बिटिया के शव को लेकर आवास पर पहुंचे। प्रियंका के शव के आते ही कोहराम मच गया। वहां मौजूद महिलाओं ने प्रियंका की मां को संभाला और उन्हें ढांढस बंधाई। रो-रोकर उनका बुरा हाल था। रामभाई को अपनी बिटिया पर नाज था, और होता भी क्यों नहीं, वो थी ही ऐसी…. प्रतिभाशाली, हसमुख, व्यवहारकुशल, मृदुभाषी….। अपने व्यवहार से वह सबकी प्रिय थी। रामभाई के सभी दोस्त उसे अपनी बिटिया जैसा ही मानते थे। प्रियंका को अभी बहुत कुछ करना था, जिस पर परिवार और समाज को नाज होता, मगर दुर्भाग्य ने समय से पहले ही उसको सबसे छीन लिया। शनिवार 5 जनवरी को बेहद गमगीन माहौल में प्रियंका का अंतिम संस्कार किया गया।
संशोधित….दर्दनाकः ‘India’s got talent’ की फाइनलिस्ट प्रियंका गुप्ता (शिवहरे) समेत दो की सड़क हादसे में मौत; शिवहरे समाज में शोक
