समाचार

प्रत्याशी घोषित होने के बाद भी मनीष जायसवाल ने कांग्रेस छोड़ी; कहा-आरपीएन सिंह ही हमारे नेता

पडरौना (कुशीनगर)
पडरौना के राजा साहब कहे जाने वाले पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह के भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस में भगदड़ सी मच गई है। पडरौना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी मनीष जायसवाल मंटू ने भी पार्टी इस्तीफा दे दिया है, पडरौना के कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी पार्टी छोड़ दी है। मनीष जायसवाल का कहना है कि हमारे नेता आरपीएन सिंह हैं। जब वह कांग्रेस में नही हैं तो हम उनके सम्मान में कांग्रेस पार्टी छोड़ रहे हैं। 

बता दें कि मनीष जायसवाल 2012 में बसपा के चुनाव चिन्ह पर कुशीनगर की तमकुहीराज विधानसभा से चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन उनको हार का सामना करना पड़ा था। 2017 विधानसभा चुनाव से पहले वह बसपा का दामन छोड़ कर आरपीएन सिंह के कहने पर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। 2017 विधानसभा चुनाव में मनीष जायसवाल की माता शिवकुमारी देवी पडरौना सीट से कांग्रेस प्रत्याशी बनीं लेकिन वह भी चुनाव हार गईं। 
 

 

Exit mobile version