
मंडला।
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की राज्य सेवा परीक्षा-2020 में मंडला के आनंद कुमार राय का चयन लेखा अधिकारी के पद पर हुआ है। शुक्रवार रात को रिजल्ट घोषित होने के बाद से उनके घर पर बधाई देने के लिए रिश्तेदारों और मित्रों का तांता लगा हुआ है।
मंडला जिले की नैनपुर तहसील के गांव सालीवाड़ा निवासी 29 वर्षीय आनंद कुमार राय ने शिवहरेवाणी को बताया कि इसी जून माह के अंत में उनका एमपीपीएससी फोरेस्ट रेंजर और एसीएफ (असिस्टेंट कन्जर्वेटिव ऑफ फोरेस्ट) परीक्षा का इंटरव्यू भी है, यदि चयन हो जाता है तो वह इसी को प्राथमिकता देंगे। होनहार, मेहनती और प्रण के पक्के आनंद कुमार राय ने 2015 में इंदौर के मैडिकेप कालेज से मैकेनिकल इंजीनियरिंग (बीई) करने के बाद यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी। वह दो बार यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा क्वालीफाई कर मुख्य परीक्षा दे चुके हैं। यूपीएससी की असिस्टेंट कमांडेंट की लिखित परीक्षा दो बार क्वालीफाई कर इंटरव्यू में पहुंचे लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका। 2019 में भी उन्होंने एमपीपीएससी की परीक्षा दी थी जिसका परिणाम अभी तक घोषित नहीं हुआ है, जबकि उसके बाद दी 2020 की परीक्षा का अंतिम परिणाम शुक्रवार रात को घोषित कर दिया।
आनंद कुमार राय ने अपनी शुरुआती शिक्षा सालीवाड़ा गांव के ही ग्रामीण शासकीय स्कूल से की। उनके पिता श्री सुशील कुमार राय पेशे से किसान होने के साथ ही मैटेरियल सप्लाई और जेसीबी मशीन का काम भी करते हैं। उनकी माताजी श्रीमती अंजना राय गृहणी हैं जिन्होंने बच्चों की पढ़ाई को हमेशा प्राथमिकता दी। यही वजह है कि आनंद कुमार राय जब तीसरी कक्षा में थे, तब परिवार ने बच्चों की बेहतर पढ़ाई के लिए नैनपुर तहसील शिफ्ट होने का निर्णय किया। नैनपुर के एक कालेज से इंटरमीडियट करने के बाद आनंद कुमार राय ने इंदौर के मैडिकेप कालेज से बीई (मैकेनिकल इंजीनयरिंग) की पढ़ाई की।
आनंद कुमार राय अपने माता-पिता को ही अपनी प्रेरणा मानते हैं और उन्हीं को श्रेय भी देते हैं। साथ ही अपनी सफलता पर हर उस व्यक्ति का शुक्रिया अदा करना चाहते हैं जिसने कभी न कभी, कहीं न कहीं उनकी कोई भी छोटी-बड़ी मदद की। वह अपनी सफलता में तीनों बहनों को भी शरीक मानते हैं जिन्होंने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया। आनंद कुमार राय की बड़ी बहन श्रीमती रुचि राय एमसीए शिक्षित हैं और नोएडा में अपने पति संदीप राय के साथ रहती हैं जो एक कंपनी में एचआर मैनेजर हैं। छोटी बहन श्रीमती दीक्षा राय बीटेक हैं और विप्रो में काम करती हैं, जबकि उनके पति श्री राहुल सूर्यवंशी आईआईटी खड़गपुर से बीटेक हैं और कोंगनिजेंट कंपनी में हैं। फिलहाल दोनों सिवनी में अपने घर रहकर ‘वर्क फ्रॉम होम’ कर रहे हैं। सबसे छोटी बहन दिव्या राय सीए कर रही है।
87 प्रतिशत का निकला है रिजल्ट, टैक्निकल भाग का परिणाम बाद में
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने विभिन्न विभागों में कुल 260 पदों के लिए राज्य सेवा परीक्षा-2020 कराई थी जिसकी लिखित परीक्षा का रिजल्ट आयोग ने 5 फरवरी 2023 और संशोधित रिजल्ट 15 अप्रैल 2023 को घोषित किया गया था। परीक्षा में आवेदकों के इंटरव्यू 27 अप्रैल से 19 मई तक आयोजित किए थे। सामान्य प्रशासन विभाग के शासन के संबंधित विभिन्न विभागों के कुल पदों का 87 प्रतिशत मुख्य भाग व 13 प्रतिशत टेक्निकल भाग में विभाजित किया था, जिसमें अभी मुख्य भाग यानी 87 प्रतिशत पदों के लिए रिडल्ट घोषित किया है। इसमें उपजिलाधिकारी के 24 और उप पुलिस अधीक्षक के 12 पद शामिल हैं।
