इंदौर।
रानी अहिल्याबाई होल्कर की सरजमीं इंदौर शहर में कलचुरी समाज के विवाहयोग्य युवक-युवतियों के परिचय सम्मेलन की तैयारियां अंतिम दौर में है। मध्य प्रदेश जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा, महिला महासभा एवं युवा महासभा के बैनर तले रविवार 9 जनवरी को इंदौर के दस्तूर गार्डन में होने वाले इस परिचय सम्मेलन में देशभर के विभिन्न हिस्सों से विवाह योग्य युवक-युवतियां अपने परिजनों के साथ भागीदारी करेंगे। मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड समेत कई राज्यों से लगभग 1500 युवक-युवतियो के विवाह-प्रस्तावों का पंजीकरण कराया जा चुका है।
मध्य प्रदेश जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने शिवहरेवाणी को बताया कि इंदौर में गुमास्ता नगर, स्कीम नंबर-71 में फुटी कोठी के पास स्थित दस्तूर गार्डन में होने वाले इस परिचय सम्मेलन से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कार्यक्रम मे सभी एहतियात भी बरते जाएंगे, और सम्मेलन में आने वाले सभी प्रतिभागियों और उनके परिजनों से भी पर्याप्त ऐहतियात बरतने की अपेक्षा है।

जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के इंदौर जिलाध्यक्ष श्री मनोज जायसवाल ने बताया कि 9 जनवरी को सुबह दस बजे भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की पूजा अर्चना के साथ परिचय सम्मेलन का शुभारंभ होगा। प्रतिभागियों की अधिक संख्या को देखते हुए मंच पर एकसाथ 4-5 युवकों या युवतियों को बुलाकर उनके परिचय दिए जाएंगे। उज्जैन के प्रतिष्ठित समाजसेवी श्री सत्यनारायण जायसवाल सम्मेलन के मुख्य अतिथि होंगे। अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष श्री रवि मालवीय (जिलाध्यक्ष-भाजपा, सिहोर) सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे।
.jpg)
परिचय सम्मेलन से एक दिन पहले यानी शनिवार 8 जनवरी को मध्य प्रदेश जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा की कार्यकारिणी बैठक और शपथ ग्रहण समारोह भी दस्तूर गार्डन में ही होगा। 8 जनवरी को ये कार्यक्रम तीन सत्रों में होंगेः-
पहला सत्र पूर्वाह्न 11 बजे से होगा जिसमें मध्य प्रदेश जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा की कार्यकारिणी बैठक होगी। दोपहर 2 बजे लंच ब्रेक रखा गया है।
दूसरा सत्र दोपहर 3 बजे से होगा जिसमें अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा की हाईपावर कमेटी की बैठक होगी जिसके बाद सायं 6 बजे ‘सुचयन’ पत्रिका का विमोचन किया जाएगा। पत्रिका में 1101 विवाहयोग्य युवक-युवतियों के बायोडाटा प्रकाशित किए गए हैं। यह कार्यक्रम उज्जैन के वरिष्ठ समाजसेवी श्री सत्यनारायणजी जायसवाल के मुख्य आतिथ्य और सीहोर (मध्य प्रदेश) के विधायक श्री सुदेश राय की अध्यक्षता में होगा। बहराइच (उत्तर प्रदेश) की विधायक एवं अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महिला महासभा की अध्यक्ष श्रीमती अनुपमा जायसवाल इस कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
तीसरा सत्र सायं 6.30 बजे से शुरू होगा जिसमें इंदौर और आसपास के 8 जिलों में मध्य प्रदेश जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष शपथ ग्रहण करेंगे, जिसके बाद सायं 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए जाएंगे। रात्रि 9.30 डिनर के साथ इसका समापन होगा।













