वुमन पॉवर

शिवहरे सशक्त महिला मंडल ने बुजुर्ग बेसहारा माताओं की सेवा कर सेलिब्रेट किया मदर्स डे; रामलाल वृद्धाश्रम को भेंट की खाद्य सामग्री

आगरा
‘मां बच्चों की जान होती है, वो होते हैं किस्मत वाले जिनकी मां होती है….।‘ मदर्स डे पर जहां दुनियाभर में लोग अपनी मां के प्रति प्यार और सम्मान को अपनी-अपनी तरह से अभिव्यक्त कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर, यह दिन उन तमाम माताओं के सीने में छिपे जख्मों को हरा कर गया जो जख्म उनकी अपनी औलादों ने दिए, उन्हें बेसहारा छोड़ दिया। मदर्स डे पर ऐसी कई माताओं के जख्मों पर मरहम लगाने का काम किया शिवहरे सशक्त महिला मंडल की सदस्यों ने।
आगरा में शिवहरे सशक्त महिला मंडल की सदस्यों ने कैलाश स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में रह रहीं बेसहारा वृद्ध महिलाओं के साथ मदर्स डे सेलिब्रेट किया। इस मौके पर सशक्त शिवहरे महिला मंडल ने वृद्ध आश्रम में बेसहारा बुजुर्ग माताओं से केक कटवा कर उन्हें अपने हाथों से केक खिलाया। साथ ही स्नैक्स तथा फ्रूट्स भी उन्हें भेंट किए। शिवहरे महिलाओं की इस प्रेम-भाव को देख माताओं का वात्सल्य उमड़ पड़ा और सीने से चिपटाकर उन्हें खूब आशीष दिया।
शिवहरे सश्कत महिला मंडल की ओर से आश्रम के प्रबंधन को वहां रह रहीं माताओं के लिए 50 किलो आटा, 11 किलो दाल और 10 किलो चावल भी भेंट किए गए। शिवहरे महिलाओं ने आश्रम के सेवादारों से बातकर उनकी जरूरतों की जानकारी ली और इसमें सहयोग का भरोसा भी दिया। महिलाएं इस दौरान आश्रम की गौशाला में जाकर गौ-माता की सेवा भी की। शिवहरे सशक्त महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती कविता रवि गुप्ता ने कहा कि अपनी-अपनी मां की सेवा तो हम सभी करते हैं लेकिन आज अपने ही बच्चों के द्वारा बहिष्कृत इन माताओं की सेवा कर आत्मिक संतोष की अनुभूति हुई। उन्होंने इस पुण्य कार्य में सहयोग के लिए महिला मंडल की सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान अध्यक्ष कविता गुप्ता के साथ उनके पति रवि गुप्ता (ए टु जेड वाल पैनल्स), कंचन गुप्ता, शैलजा गुप्ता, शिल्पी गुप्ता के साथ उनके पति मनीष गुप्ता, गीता गुप्ता के साथ उनके पति कवि गुप्ता, रेखा गुप्ता के साथ उनके पुत्र वेंकटेश, जागृति गुप्ता, सुनीता गुप्ता, वंदना गुप्ता, वर्षा गुप्ता, भावना गुप्ता, और रितु गुप्ता, भावना शिवहरे आदि उपस्थिति रहीं।

Exit mobile version