समाचार

श्री विकास गुप्ता (शिवहरे) को 19 जिलों की जिम्मेदारी; भाजपा व्यावयासिक प्रकोष्ठ के ब्रज प्रांत सह-संयोजक बने

आगरा।
वरिष्ठ भाजपा नेता और व्यावसायिक प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक श्री विकास गुप्ता (शिवहरे) को पार्टी नेतृत्व ने प्रोन्नत करते हुए व्यावसायिक प्रकोष्ठ के ब्रज क्षेत्र का  सह-संयोजक नियुक्त किया है। नई नियुक्ति में श्री विकास गुप्ता के पास ब्रज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी 19 जिलों का प्रभार होगा। श्री विकास शिवहरे को नई नियुक्ति पर  उनके साथियों, भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही शिवहरे समाजबंधुओं ने शुभकामनाएं प्राप्त हो रही हैं। उत्तर प्रदेश भाजपा के मंत्री  श्री विजय शिवहरे ने भी श्री विकास गुप्ता को बधाई देते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
बता दें कि व्यावसायिक प्रकोष्ठ भाजपा के संगठन का एक महत्वपूर्ण अंग है जो व्यावसायिक क्षेत्र के लोगो को पार्टी से जोड़ने और जोड़े रखने के लिए काम करता है। व्यावसायिक प्रकोष्ठ के ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष श्री रजनीकांत माहेश्वरी (कासगंज) ने विकास गुप्ता को जिला सह संयोजक के पद पर उनकी सक्रियता को देखते हुए  ब्रज क्षेत्र की जिम्मेदारी दी है। ब्रज क्षेत्र  सह-संयोजक के रूप में श्री विकास शिवहरे के पास आगरा महानगर, आगरा जिला, मथुरा महानगर, मथुरा जिला,  फिरोजाबाद, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर सहित ब्रज क्षेत्र  के  सभी 19 जिलों में व्यावसायिक प्रकोष्ठों को और सशक्त करने की जिम्मेदारी होगी। श्री विकास गुप्ता ने नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और प्रकोष्ठ के ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष श्री रजनीकांत माहेश्वरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पूर्ण समर्पण के साथ काम करते हुए नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
आगरा में जयपुरहाउस निवासी श्री विकास गुप्ता पुत्र श्री रामचरन गुप्ता स्वयं भी एक सफल व्यवसायी हैं और अपने कजिन श्री रवि गुप्ता के साथ मिलकर जानी-मानी इंटीयर एवं फाल्स सीलिंग प्रोडक्ट कंपनी ‘पीआर इंडस्ट्रीज’ तथा ‘मेटल क्राफ्ट’ संचालित करते हैं, जिसके वह  चेयरमैन हैं। उनकी व्यावसायिक जिम्मेदारियों को अब मुख्य रूप से उनके पुत्र रिषभ गुप्ता और पुत्रवधु श्रीमती श्रेया संभालते हैं, जबकि श्री विकास गुप्ता ज्यादातर समय राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं। 
श्री विकास गुप्ता आगरा में शिवहरे समाज की प्रमुख धरोहर दाऊजी मंदिर की नवगठित कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य भी हैं। उनकी नियुक्ति पर  दाऊजी मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री बिजनेश शिवहरे तथा उनकी समस्त कार्यकारिणी ने भाजपा में अपने साथी की प्रोन्नति पर हर्ष व्यक्त करते हुए सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। वहीं राधाकृष्ण मंदिर के अध्यक्ष श्री अरविंद गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री अशोक शिवहरे ‘अस्सो’, महासचिव श्री मुकुंद शिवहरे, कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री कुलभूषण गुप्ता ‘राम भाई’, सचिव श्री धीरज शिवहरे एवं सह उपाध्यक्ष श्री ऋषिरंजन ने भी श्री विकास गुप्ता को शुभकामनाएं दी हैं।
 

Exit mobile version