हरिद्वार।
हरिद्वार में सिंहद्वारा स्थित अवधूत मंडल आश्रम के अध्यक्ष एवं स्वजातीय संत महामंडलेश्वर 1008 स्वामी संतोषानंद देवजी महाराज की पहल और प्रयासों से आश्रम परिसर में कलचुरी कलार समाज के आराध्य भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन की मूर्ति की स्थापना की गई है जिसका अनावरण 6 अप्रैल को हनुमान प्रकटोत्सव पर किया जा रहा है। इस उपलक्ष्य में देशभर से कलचुरी कलार समाज की प्रतिनिधि संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों समेत हजारों की संख्या में स्वजातीय बंधु पहुंच रहे हैं।
आपको बता दें कि देश-विदेश में विख्यात अवधूत मंडल आश्रम से लाखों श्रद्धालु जुड़े हुए हैं। हरिद्वार के विशाल अवधूत मंडल आश्रम में प्राचीन स्वयंभू सिद्धपीठ दक्षिणामुखी हनुमान मंदिर है जिसकी स्थापना 18 अप्रैल 1830 को अवधूत बाबा हीरादासजी ने की थी। प्रत्येक वर्ष चैत्र पूर्णिमा के दिन यहां भगवान श्री हनुमान प्राकट्योत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है, जिसमें सुबह से रात के विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। लेकिन, इस बार यह आयोजन विशेष हो गया है। दरअसल आश्रम के अध्यक्ष महामंडलेश्वर 1008 स्वामी संतोषानंद देवजी महाराज की पहल पर भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन, श्री तिरुपति बालाजी, श्री त्रिपुरा सुंदरी, श्री गणेशजी, रिद्धि-सिद्धि और श्री कुबेरजी की मूर्ति की स्थापना एवं अनावरण आश्रम परिसर मे किया जा रहा है। इसके लिए आश्रम के तमाम अनुयायियों के साथ ही कलचुरी कलार समाज की प्रमुख संस्थाओं के नेतृत्व के साथ हजारों की संख्या में स्वजातीय बंधु हरिद्वार पहुंच रहे हैं। मूर्तियों का अनावरण उत्तराखंड के राज्यपाल श्री गुरमीत सिंह के कर-कमलों से होगा। कार्यक्रम में केंद्र सरकार में राज्यमंत्री के पद पर सुशोभित स्वजातीय बंधु श्रीपद नाइक, श्रीमान महंत रघुमुनि जी, योग गुरु बाबा रामदेव जी और आचार्य बालकृष्ण भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
आश्रम में भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की मूर्ति स्थापित करने का विचार महामंडलेश्वर के मन में दो वर्ष पूर्व उस समय आया था, जब वह लखनऊ की जायसवाल धर्मशाला (मंदिर) में भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन की मूर्ति के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में गए थे। मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा उन्हीं के कर कमलों से की गई थी। उसी दौरान उनके मन में भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की ऐसी ही एक मूर्ति अपने अवधूत मंडल आश्रम में भी स्थापित करने का विचार आया, जिसे उन्होंने जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष एवं जायसवाल समाज लखनऊ के अध्यक्ष श्री अजय कुमार जायसवाल (माया वाले) के साथ साझा किया। श्री अजय कुमार जायसवाल ने महामंडलेश्वर की बात का मान रखते हुए हूबहू नई मूर्ति बनवाकर उन्हें देने की पेशकश कर दी। श्री अजय कुमार जायसवाल ने लखनऊ के ही एक अन्य प्रतिष्ठित स्वजातीय समाजसेवी श्री नवीन प्रकाश सिंह को साथ लेकर भगवान सहस्त्रबाहु की प्रतिमा बनवाई और अवधूत मंडल आश्रम जाकर महामंडलेश्वर श्री संतोषानंद देवजी महाराज को भेंट कर दी। आश्रम परिसर में मूर्ति की स्थापना के लिए प्लेटफार्म बनवाने के कार्य में अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अशोक जायसवाल एवं राष्ट्रीय कलचुरी एकता महासंघ की संयोजिका श्रीमती अर्चना जायसवाल ने आगे बढ़कर सहयोग किया। और, इस तरह अवधूत मंडल आश्रम का भव्य परिसर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन समेत सनातन हिंदू धर्म के छह देवी-देवताओं की नई मूर्तियों से सुशोभित है, जिनका अनावरण 6 अप्रैल को दोपहर 12 बजे उत्तराखंड के राज्यपाल श्री गुरमीत सिंह के कर कमलों से होना है।
आश्रम में 6 अप्रैल के कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अवधूत मंडल आश्रम में ईष्ट भगवान श्री हनुमान प्रकटोत्सव का शुभारंभ 6 अप्रैल को सुबह से ही हो जाएगा। हनुमानजी का पंचातृत, अभिषेक, षेडशोपचार पूजन, हवन, छप्पन भोग, श्रृंगार के कार्यक्रम सुबह 8 बजे से शुरू होकर पूर्वाह्न 11 बजे तक संपन्न होंगे। इसके पश्चात विशाल भंडारा शुरू हो जाएगा जो रात्रि 10 बजे तक चलता रहेगा। सायं 5 बजे से सुंदरकांड होगा जिसके बाद भजन संध्या, झांकिया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम देर रात तक चलेंगे।
