शिवहरे वाणी नेटवर्क
नानपारा (बहराइच)।
नानपारा कस्बे की स्नातक की छात्रा कल्पना जायसवाल की ख्वाहिश है कि एक दिन वह आईएएस बने और जिलाधिकारी के ओहदे पर बैठे। और अचानक, उसकी ख्वाहिश ने एक जागते ख्वाब की सूरत ले ली, जब मिशन शक्ति अभियान के तहत उसे दो घंटे के लिए नानपारा का उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बनाया गया। इन दो घंटों में उसने लोगों की फरियादें सुनीं, और उन्हें निपटने का निर्देश अधीनस्थों को दे दिए। विभिन्न कार्यालयो के निरीक्षण किए।

एसडीएम कल्पना ने इसे अपने छात्र जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। उसने कहा कि तहसील प्रशासन की इस मेहरबानी ने प्रशासनिक सेवा में जाने के उसके इरादों को मजबूती दी है और वह इसके लिए अथक प्रयास करेगी।

नानपारा के मोहल्ला जुबलीगंज निवासी कल्पना जायसवाल बीए सेकेंड ईय़र में है। रुपईडीहा स्थित सीमावर्ती महाविद्यालय की छात्रा कल्पना को नानपारा के एसडीएम आईएएस सूरज पटेल ने मिशन शक्ति अभियान के तहत दो घंटे के लिए एसडीएम बनाया। कल्पना ने उपजिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठकर दो घंटे के लिए चार्ज लिया।

कल्पना ने तहसील में आए तीन फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समस्याएं सुनकर कार्रवाई करने का आदेश अधीनस्थों को दिया। इस दौरान सूरज पटेल उसके बराबर की सीट पर बैठे रहे। इसके बाद नायब तहसीलदार मनीष कुमार वर्मा ने एसडीएम कल्पना को तहसील सभागार के सभी विभागों का निरीक्षण कराया तथा उनके कार्यों के बारे में भी बताया।

कल्पना ने बताया कि उसके पिता की मौत कई साल पहले हो गई थी। पिता की मौत के बाद उसकी मां ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मिले पैसों से आवास बनवाया। मां ने ही तीन बहनों का भरण पोषण किया। एक छोटा भाई है जो भी पढ़ाई के साथ एक प्राइवेट कंपनी में कार्य कर रहा है। बकौल कल्पना, एक निम्न परिवार की बेटी को उपजिलाधिकारी द्वारा अपनी कुर्सी पर बैठा कर जो सम्मान दिया, उसके लिए वह आजीवन ऋणी रहेगी।

बता दें कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने महिलाओं और बेटियों को अपनी सुरक्षा, सम्मान और स्वालंबन के प्रति जागरूक कराने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। 17 अक्टूबर से शुरू यह अभियान 25 अक्टूबर तक चलेगा। अप्रैल 2020 तक हर महीने एक हफ्ते के लिए मिशन शक्ति का संचालन किया जाएगा।













Leave feedback about this