November 9, 2026
शिवहरे वाणी, D-30, न्यू आगरा, आगरा-282005 [भारत]
समाचार

गोवर्धन पूजा यानी सामाजिक दिवाली; 10 नवंबर की शाम आपके इंतजार में शिवहरे समाज की दोनों धरोहरें

आगरा।
दीपावली को यूं तो पंचोत्सव का सबसे महत्वपूर्ण दिन माना जाता है लेकिन, ब्रज क्षेत्र की बात करें तो यहां अन्नकूट एवं गोवर्धन पूजा का महत्व भी कम नहीं है। अन्नकूट एवं गोवर्धन पूजा सामूहिकता की परंपरा से जुड़ी पूजा है। घर-परिवार, कुल और समाज, तीनों स्तरों पर यह पर्व मनाने की परंपरा रही है। इसीलिए अन्नकूट और गोवर्धन पूजा के सामाजिक आयोजनों का विशेष महत्व है जो आपके प्रकाशोत्सव को पूर्णता प्रदान करते हैं।

गोवर्धन पूजा 10 नवंबर, मंगलवार को मनाई जा रही है, क्योंकि पंचांग और उदयातिथि के अनुसार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि का संयोग इस प्रकार बन रहा है कि दिवाली और गोवर्धन पूजा के बीच एक दिन का अंतराल है। आगरा में शिवहरे समाज की दोनों धरोहरों मे भी 10 नवंबर को ही अन्नकूट एवं गोवर्धन पूजा का आयोजन किया जा रहा है। सदरभट्टी चौराहा स्थित मंदिर श्री दाऊजी महाराज में सायं 6 बजे से गोवर्धन पूजा के बाद सायं 7 बजे अन्नकूट का प्रसाद वितरण किया जाएगा। मंदिर श्री दाऊजी महाराज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री बिजनेश शिवहरे एवं उनकी कार्यकारिणी ने सभी समाजबंधुओं से समारोह में शामिल होकर धर्मलाभ लेने और स्वादिष्ट अन्नकूट ग्रहण करने का अनुरोध किया है। वहीं लोहामंडी में आलमगंज स्थित मंदिर श्री राधाकृष्ण में सायं 7.00 बजे से गोवर्धन पूजा होगी जिसके बाद अन्नकूट वितरण किया जाएगा। मंदिर श्री राधाकृष्ण प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री अरविंद गुप्ता समेत संपूर्ण समिति ने समाजबंधुओं को गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट समारोह में भाग लेने का अनुरोध किया है।

आपको बता दें कि ब्रज क्षेत्र में दिवाली मनाने की परंपरा बहुत पुरानी नहीं है। जानकारों का मानना है कि ब्रज में दिवाली मनाने की परंपरा बमुश्किल 400 वर्ष पहले से शुरू हुई होगी। इससे पहले गोवर्धन पूजा का त्योहार ही दिवाली की तरह मनाया जाता था। लोग मंदिरों में दीये जलाते थे और गोवर्धन पूजा के बाद अन्नकूट का वितरण हुआ करता था, जो आज भी प्रचलित है। ब्रज में गोवर्धन पूजा की परंपरा द्वापर युग से चली आ रही है। इससे पहले ब्रज में इंद्र की पूजा की जाती थी। मगर भगवान कृष्ण ने लोगों से कहा कि इंद्र से हमें कोई लाभ नहीं प्राप्त होता। वर्षा करना उनका कार्य है और वह सिर्फ अपना कार्य करते हैं जबकि गोवर्धन पर्वत गौ-धन का संवर्धन एवं संरक्षण करता है, जिससे पर्यावरण भी शुद्ध होता है। इसलिए इंद्र की नहीं गोवर्धन की पूजा की जानी चाहिए।

इसकी जानकारी होने इंद्र ने भारी वर्षा कर ब्रजवासियों को डराने का प्रयास किया, लेकिन श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी अंगुली पर उठाकर ब्रजवासियों को उनके कोप से बचा लिया। सब ब्रजवासी सात दिन गोवर्धन पर्वत की शरण मे रहे। इन सातों दिनों ब्रजवासियों ने गोवर्धन पर्वत के नीचे मिलजुल कर भोजन तैयार किया और सामूहिक रूप से ग्रहण किया। इसके बाद से ही इंद्र भगवान की जगह गोवर्धन पर्वत की पूजा करने का विधान शुरू हो गया है। माना जाता है कि भगवान कृष्ण का इंद्र के मान-मर्दन के पीछे उद्देश्य था कि ब्रजवासी गौ-धन एवं पर्यावरण के महत्व को समझें और एकजुट होकर उनकी रक्षा करें। वहीं अन्नकूट शब्द का अर्थ होता है अन्न का समूह। विभिन्न प्रकार के अन्न को समर्पित और वितरित करने के कारण ही इस उत्सव या पर्व को नाम अन्नकूट पड़ा है। अन्नकूट में अन्न और शाक-पकवान भगवान को अर्पित किये जाते है और वह सर्वसाधारण में वितरण किया जाता है।

गोवर्धन पूजा घर, परिवार और कुल में तो अनिवार्य रूप से की जाती है, लेकिन इस पूजा का परम उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब हम सामूहिक आयोजनों में भाग लें, पूजा करें और अन्नकूट का प्रसाद का ग्रहण करेंगे। आगरा के शिवहरे समाज का सौभाग्य है कि यहां उसकी दो ऐसी धरोहरें हैं जहां गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट का आयोजन होता है। ऐसे में समाज के सभी बंधुओं के लिए मौका होता है कि इस सामाजिक पूजा में भाग लेकर अपने प्रकाशपर्व को पूर्णता प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

समाचार

इटावाः प्रतिष्ठित होम्यो चिकित्सक डा. परशुराम गुप्ता नहीं रहे;

समाचार, साहित्य/सृजन

परशुराम और कार्तवीर्य सहस्रार्जुन से जुड़े कुछ अनुत्तरित और

वुमन पॉवर, समाचार

आगरा की बेटी आकांक्षा जायसवाल बनीं ‘मिसेज मध्य प्रदेश’;

समाचार

टूंडलाः श्रीमती सुशील देवी की उठावनी 6 नवंबर को

समाचार, साहित्य/सृजन

मंडला में हुई खुदाई में निकली थी भगवान श्री

समाचार

आगराः श्री रामप्रकाश गुप्ता की उठावनी 4 नवंबर को