कानपुर
कानपुर से तीन बार सांसद रहे पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्रीप्रकाश जायसवाल का निधन हो गया। 81 वर्षीय श्रीप्रकाश जायसवाल काफी समय से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार (28 नवंबर, 2025) की शाम उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, परिजन उन्हें कानपुर के कार्डियोलॉजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। श्रीप्रकाश जायसवाल के निधन की सूचना से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार सुबह कानपुर में ही किया जाएगा।
श्री प्रकाश जायसवाल उत्तर प्रदेश के कानपुर लोकसभा क्षेत्र से चार बार सांसद रहे थे। पूर्व प्रधानमंत्री श्री मनमोहन सिंह के नेत्तृत्व वाली यूपीए सरकार में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं थीं। वर्ष 2009 से 2014 के बीच उन्होंने केंद्रीय कोयला मंत्री के रूप में सेवा दीं, जबकि 2004 से 2009 तक वह गृह राज्यमंत्री रहे थे। उनके कुशल प्रशासन और संसदीय बहसों के लिए उन्हें सदन में हमेशा सम्मान प्राप्त रहा।
शहर कांग्रेस कमेटी से की राजनीतिक सफर की शुरुआत
श्री प्रकाश जायसवाल का जन्म 25 सितंबर 1944 को कानपुर में हुआ था। जायसवाल ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत स्थानीय स्तर से की। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष से लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव तक, उन्होंने कई जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। 1990 के दशक में वे कानपुर से पहली बार लोकसभा पहुंचे और उसके बाद 1996, 2004 तथा 2009 में लगातार चुने गए।
काफी समय से बीमार चल रहे थे श्री प्रकाश जायसवाल
काफी समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे जायसवाल की हालत पिछले कुछ दिनों में लगातार गिरती जा रही थी। परिवार के सदस्यों के अनुसार, शुक्रवाल सुबह से उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी, देर शाम उन्हें कार्डियोलॉजी अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृत्यु का मुख्य कारण हृदय संबंधी जटिलताएं बताई जा रही हैं। वह अपने पीछे पत्नी श्रीमती मायारानी जायसवाल, 2 पुत्रों व एक पुत्री के भर-पूरे परिवार को छोड़ गए हैं।
दुखदः पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल नहीं रहे; 29 नवंबर की सुबह कानपुर में किया जाएगा अंतिम संस्कार
