अंबाजोगाई/अमरावती।
प्रतिष्ठित कवि-लेखक, चिंतक और सोशल-वर्कर श्री पवन नयन जायसवाल को अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा का ‘राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष’ नियुक्त किया गया है। श्री जायसवाल पिछली कार्यकारिणी में वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थे। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजकिशोर पापा मोदी ने बुधवार को उनका नया नियुक्ति-पत्र जारी किया। खास बात यह है कि श्री पवन नयन को ‘प्रभारी- भगवान श्री सहस्रार्जुन एवं उनकी वीरगाथा’ की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।
बता दें कि पहली बार कलचुरी समाज के किसी भी राष्ट्रीय संगठन में ‘प्रभारी- भगवान श्री सहस्रार्जुन एवं उनकी वीरगाथा’ का पद सृजित किया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पापा मोदी का कहना कि कलचुरी समाज के आराध्य भगवान राजराजेश्वर श्री सहस्रबाहु अर्जुन की गाथा का प्रचार-प्रसार भी महासभा के मिशन का हिस्सा है, जिसमें पवन नयनजी अपने लेखन और विचारों से महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। श्री जायसवाल की जानकारियों और अभिरुचि को देखते हुए उनके लिए यह विशेष पद सृजित किया गया है। उन्होंने कहा कि श्री पवन नयन जी सहस्रबाहु अर्जुन को लेकर प्रचलित मान्यताओं, धार्मिक ग्रंथों के प्रसंगों, शोध-पत्रों के निष्कर्ष और ऐतिहासिक तथ्यों को संकलित और संपादित करेंगे, जिसे महासभा के ओर से एक पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाएगा।


आपको बता दें कि श्री पवन नयन जायसवाल हैहयवंश, ‘भगवान राजराजेश्वर श्री सहस्रबाहु अर्जुन’ और कलचुरी समाज के बारे में प्रमाणिक जानकारियों से भरपूर ज्ञानवर्धक आलेख लिखते आ रहे हैं, जिनका प्रकाशन कलचुरी समाज के राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल ‘शिवहरेवाणी’ पर प्रमुखता से होता है। श्री पवन नयन जायसवाल की नियुक्ति का सोशल मीडिया में जोरदार स्वागत किया जा रहा है, साथ ही श्री पापा मोदी की परख, दूरदर्शिता और नेतृत्व की सराहना भी जा रही है। लोगों का मानना है कि श्री पवन नयन जायसवाल महासभा का ‘बौद्धिक चेहरा’ होंगे जो अहम मुद्दों पर अपने विचारों से महासभा की दिशा तय करने में योगदान करेंगे। वहीं श्री पवन नयन जायसवाल ने नई जिम्मेदारी के लिए महासभा के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कलचुरी समाज और महासभा की सकारात्मक अपेक्षाओं पर खरा उतरने का भरोसा दिलाया है।


अमरावती के रहने वाले श्री पवन नयन जायसवाल यूं तो बिजनेसमैन हैं, मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं लेकिन उनकी ख्याति एक साहित्यकार, प्रखर वक्ता और सोशल वर्कर के रूप में है। वह गत 45 वर्षों से लेखन कर रहे हैं। हिन्दी और मराठी भाषा में उनकी सहज और सरल अभिव्यक्ति पढ़ने-सुनने वालों के मन में गहरे तक उतरती है। देश के कई प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में उनके 400 से अधिक गीत, कविता, गजल, हाइकु, लघुकथा, कहानी और समसामयिक आलेख प्रकाशित हो चुके हैं। आकाशवाणी, दूरदर्शन और कई चैनलों पर उनकी रचनाएं प्रसारित होती रही हैं, वहीं मंचों पर एक हास्य-व्यंग्य कवि के रूप में उनकी सशक्त पहचान है। विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए भाषा और साहित्य पर उनके 15 से ज्यादा उद्बोधन हुए हैं।
श्री पवन नयन का एक कविता-संग्रह ‘अंत अभी शेष है’ महाराष्ट्र राज्य सरकार हिंदी साहित्य अकादमी, मुंबई के अनुदान से प्रकाशित हुआ हैं। तीन अन्य कविता-संग्रह ‘शेष सब कुशल है’, ‘अनुभूतियों के हस्ताक्षर’ और ‘जासु राज प्रिय प्रजा दुखारी’ प्रकाशित होने वाले हैं। वह कई काव्य-संग्रहों का संपादन भी कर चुके है। अमरावती महानगर की ‘सप्तरंगी हिंदी साहित्य संस्था’ के अध्यक्ष रहे और वर्तमान में इसके सलाहकार हैं।


सोशल वर्कर के रूप में श्री पवन नयन जायसवाल की अमरावती में विशेष प्रतिष्ठा है। वह 45 वर्षों से ‘रक्तदान’ के क्षेत्र में सक्रिय हैं। स्वयं 42 बार रक्तदान कर चुके हैं, और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती शालिता जायसवाल समेत अन्य परिवारीजन भी नियमित रक्तदाता हैं। श्री पवन नयन जायसवाल प्रतिष्ठित दलित-मित्र पुरस्कार प्राप्त संस्था ‘रक्तदान समिति, अमरावती’ के संस्थापक सदस्य और जनसंपर्क अधिकारी हैं। धन्वंतरि रुग्णालय (रजि), अंध विद्यालय (रजि) जैसी संस्थाओं के वह आजीवन सदस्य हैं।
श्री पवन नयन जायसवाल का परिवार शिक्षा और सेवा के इन्हीं संस्कारों को लेकर चल रहा है। धर्मपत्नी श्रीमती शालिता जायसवाल सामाजिक सेवा में पति के साथ सक्रिय रहती हैं। उनका पुत्र तनय जायसवाल सिविल इंजीनियर हैं और एक प्रतिष्ठित इंटरनेशनल कंपनी के लिए काम करते हैं। दो विवाहित बेटियां है, बड़ी बेटी पलक जायसवाल एमबीए-एचआर है, जबकि छोटी बेटी अक्षता सिविल इंजीनियर है और अमेरिका में पति के साथ एमएस कर रही है।


Leave feedback about this