नई दिल्ली।
महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनाव के बीते रोज घोषित परिणाम में कलचुरी समाज के तीन विधायक निर्वाचित हुए हैं। झारखंड में हटिया विधानसभा सीट पर नवीन जायसवाल ने लगातार चौथी जीत हासिल की है। वहीं महाराष्ट्र में समाज के दो विधायक निर्वाचित हुए हैं, नागपुर की रामटेक सीट से आशीष जायसावल और संबाजीनगर (मध्य) से प्रदीप जायसवाल। दोनों ही नवनिर्वाचित विधायक शिवसेना (शिंदे गुट) से हैं।
नवीन जायसवाल लगभग डेढ़ लाख वोटों से जीते
झारखंड में हटिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नवीन जायसवाल लगातार तीसरी बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने एक लाख 47 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। नवीन जायसवाल ने सबसे पहले 2012 के विधानसभा उपचुनाव में आजसू पार्टी टिकट पर चुनाव जीता था। इसके बाद वर्ष 2014 और 2019 के विधानसभा चुनाव में भी जीत हासिल की। 2014 में नवीन जायसवाल आजसू पार्टी के बैनर पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन ऐन वक्त पर भाजपा और आजसू में तालमेल के बाद यह सीट भाजपा के खाते में चली गई। इसके बाद नवीन जायसवाल ने झारखंड विकास मोर्चा में शामिल होकर उसके टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 2019 में नवीन जायसवाल भाजपा टिकट पर चुनाव लड़कर तीसरी बार विधायक निर्वाचित हुए। नवीन जायसवाल अब लगातार चौथी बार चुनाव जीते हैं।
तीसरी बार विधायक बने प्रदीप जायसवाल
महाराष्ट्र की छत्रपति संभाजी नगर (मध्य) सीट से प्रदीप जायसवाल ने शिवसेना (शिंदे गुट) के टिकट पर जीत दर्ज की है। उन्होंने एआईएमआईएम के नासिरुद्दीन सिद्दीकी को 8 हजार से अधिक वोटों से हराया। प्रदीप जायसवाल तीसरी बार विधायक चुने गए हैं। प्रदीप जायसवाल गत तीन दशक से छत्रपति संभाजी नगर (पूर्व नाम औरंगाबाद) की राजनीति का बहुत प्रभावशाली नाम है। वह यहां पार्षद रहे, फिर महापौर भी चुने गए। उन्होंने सांसद के रूप में भी एक कार्यकाल पूरा किया है। 2004 में जायसवाल ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा जिसमें उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी से हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन अगली बार 2009 में शिवसेना ने प्रदीप जायसवाल को टिकट नहीं दिया तो उन्होंने पार्टी छोड़ दी और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा, और पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हो गए लेकिन कुछ ही समय बाद शिवसेना में लौट आए। वर्ष 2014 के चुनाव में उन्हें एआईएमआईएम प्रत्याशी से हार का सामना करना पड़ा। 2019 में शिवसेना ने भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा तो प्रदीप जायसवाल ने 82 हजार मतों की बड़ी जीत हासिल की। 2022 में शिवसेना में टूट के बाद वह एकननाथ शिंदे गुट के साथ खड़े हो गए।
रामटेक सीट से आशीष जायसवाल की हैट्रिक
महाराष्ट्र के नागपुर जिले की रामटेक विधानसभा सीट शिवसेना (शिंदे गुट) के आशीष जायसवाल ने विधायक निर्वाचित हुए हैं। 18 राउंड चली मतगणना में उन्होंने 26555 के अंतर से शिवसेना (उद्धव गुट) के विशाल बरबाते को हराया। बता दें कि आशीष जायसवाल 2019 का विधानसभा चुनाव भी इसी सीट से निर्दलीय लड़े थे और बीजेपी के मल्लिकार्जुन रेड्डी को हराया था। 2014 में भी आशीष जायसवाल ने इस सीट पर चुनाव जीता था। ऐसे में 2024 में उनकी जीत हैट्रिक है।
हटिया से चौथी बार विधायक बने नवीन जायसवाल, महाराष्ट्र में प्रदीप जायसवाल और आशीष जायसवाल हुए निर्वाचित
