June 15, 2026
शिवहरे वाणी, D-30, न्यू आगरा, आगरा-282005 [भारत]
समाचार समाज

आगराः ‘चित्रकूट धाम’ में आज गूंजेगा रामभाई का सुंदरकांड, शिवहरे समाज में कई भंडारे और सुंदरकांड

आगरा।
आगरा में शिवहरे समाज की धरोहर राधाकृष्ण मंदिर में आज (6 अप्रैल) हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में कई कार्यक्रम होने जा रहे हैं। राधाकृष्ण मंदिर में रामकथा की पूर्णाहुति और भंडारे के बाद मंदिर कमेटी की ओर से अपराह्न 3 बजे से सुंदरकांड का पाठ होगा, जिसके बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं कोठी मीना बाजार में चल रही स्वामी रामभद्राचार्यजी महाराज की रामकथा के बीच राधाकृष्ण मंदिर के कोषाध्यक्ष श्री कुलभूषण गुप्ता रामभाई दोपहर 2 बजे से सुंदरकांड की संगीतमयी प्रस्तुति देंगे। 
बता दें कि कोठी मीना बाजार को स्वामी रामभद्राचार्यजी महाराज की कथा के चलते इन दिनों ‘चित्रकूट धाम’ की पहचान दी गई है। सुंदरकांड पाठ के सुंदर और संगीतमयी वाचन के लिए रामभाई को आगरा में विशेष ख्याति प्राप्त है, और चित्रकूट धाम में सुंदरकांड पाठ के लिए उन्हें आमंत्रित किया जाना इसी का सुफल है। वहीं प्रतिष्ठित समाजसेवी श्री सतीश शिवहरे ‘ठेकेदार’ के परिवार की ओर से नाई की मंडी में शिवहरे गली स्थित उनके निवास पर सुंदरकांड पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया है। यहां स्वजातीय कथावाचक संत श्री अविरामदासजी महाराज (श्री बाबूलाल शिवहरे, श्योपुर) शाम 5 बजे से सुंदरकांड की प्रस्तुति देंगे, जिसके बाद खरहड़े में भंडारा किया जाएगा। भंडारे का एक अन्य कार्यक्रम सिकंदरा थाने के निकट हनुमान मंदिर (शिवा हार्डवेयर के बगल में) पर शाम 5 बजे से किया गया है, यह आयोजन सिकंदरा शिवहरे परिवार के रवि शिवहरे एवं विजय शिवहरे द्वारा किया जा रहा है। इसके अलावा बोदला में सिकंदरा रोड स्थित ‘श्रीराम कोल्डड्रिंक्स’ के प्रोपराइटर लाला शिवहरे ने भी हर साल की भांति इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव पर एक भंडारे का आयोजन शाम 5 बजे से किया गया है। यह आयोजन उनके प्रतिष्ठान के सामने पथवारी मंदिर पर होगा।

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field