महासभा के नवनियुक्त पदाधिकारियों के अभिनंदन-शपथ समारोह एवं संगोष्टी
रैली के लिए चार स्तरीय समितियां बनेंगी, गांव-गांव से जुड़ें कलचुरी समाजबंधु
नई दिल्ली।
देश में 10 करोड़ से अधिक की अनुमानित आबादी वाले कलचुरी (कलवार, कलार, कलाल) समाज की आर्थिक और सामाजिक समस्याओं का समाधान राजनीतिक-शक्ति के बगैर संभव नहीं है। और, राजनीतिक चेतना के बगैर राजनीतिक-शक्ति प्राप्त करना असंभव है। ऐसा मानते हुए, राजकिशोर पापा मोदी के नेतृत्व वाले ‘अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा’ ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कलचुरी समाज की विशाल ‘राजनीतिक चेतना रैली’ करने का संकल्प लिया है जिसमें देश के कोने-कोने से लाखों समाजबंधुओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।


यह निर्णय बीते दिनों दिल्ली में आयोजित ‘अभिनंदन समारोह एवं संगोष्टी’ में लिया गया। प्रस्तावित ‘राजनीतिक चेतना रैली’ की सफलता को लेकर महासभा की दृढ़ता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसकी तैयारी के लिए आने वाले एक-डेढ़ साल का खाका तैयार किया गया है। राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट एसके जायसवाल ने शिवहरेवाणी को जानकारी दी है कि संगोष्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष पापा मोदी ने रैली की तैयारी के लिए जल्द ही चार स्तरीय (राष्ट्रीय, प्रादेशिक, क्षेत्रीय एवं जिला) समन्वय समितियों का गठन करने का ऐलान किया। कोशिश रहेगी कि एक-एक महानगर, नगर-कस्बे और गांव-गांव में कलचुरी समाजबंधुओं से संपर्क कर उन्हें प्रेरित किया जाए और ‘चेतना रैली’ में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाए। एडवोकेट एसके जायसवाल ने बताया कि राजनीतिक चेतना रैली का समय फिलहाल तो तय नहीं किया गया है लेकिन वर्ष 2027 के शुरुआती महीनों में इसके होने की संभावना है। उम्मीद है कि आजाद भारत के इतिहास में यह किसी भी समाज की सबसे बड़ी रैली साबित होगी। और, इसकी सफलता निश्चय ही समाज की समस्याओं के समाधान के लिए किसी भी सरकार (केंद्र या प्रदेश) पर दबाव बनाने में कारगर होगी।


‘अभिनंदन समारोह एवं संगोष्टी’ महासभा की दिल्ली-एनसीआर इकाई द्वारा ‘स्वामी विवेकानंद अस्पताल एवं योग संस्थान’ के प्रांगण में बीती 20 फरवरी को आयोजित की गई थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकिशोर पापा मोदी की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश अध्यक्ष (दिल्ली-एनसीआर) ने किया। संगोष्टी में राष्ट्रीय राजधानी में स्वजातीय बच्चों के लिए एक छात्रावास और एक अतिथिगृह बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। जिस पर राष्ट्रीय संरक्षक अशोक जायसवाल ने दिल्ली के समाजसेवियों से एकजुटता से कार्य करने का आह्वान किया। राजस्थान के पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी ने सभी पदाधिकारियों से प्रस्तावित राजनीतिक रैली की तैयारी में अभी से जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘राजनीतिक चेतना रैली’ की सफलता ही समाज की पर्याप्त ‘राजनीतिक भागीदारी’ सुनिश्चित करेगी।


कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को अंगवस्त्र भेंटकर उनका अभिनंदन किया गया। पापा मोदी ने सभी पदाधिकारियों को नियुक्त-पत्र प्रदान कर उन्हें शपथ दिलाई। अजय जायसवाल (अध्यक्ष, दिल्ली इकाई) ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में त्रिलोकी नाथ जायसवाल, (मुंबई), राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विजय कुमार भगत, मीनाक्षी जायसवाल, सुषमा जायसवाल, सच्चिदानंद जायसवाल, शिवजी जायसवाल, बृजेश गुप्ता, भीम जायसवाल, जयप्रकाश जायसवाल, राकेश रंजन जायसवाल, अनूप शिवहरे ‘देहाती’, उत्तर प्रदेश गोरक्ष प्रांत के प्रांत उपाध्यक्ष अरविंद जायसवाल, गोविंद जायसवाल समेत सैकड़ों समाजसेवी उपस्थित रहे।


जब मंत्रीजी बोले-मेरे हॉल का इस्तेमाल कीजिए
महासभा के शीर्ष पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री श्रीपद यशो नाइक से उनके आवास पर भेंट की और सामाजिक विषयों पर उनसे चर्चा की। महासभा पदाधिकारियों ने प्रस्तावित ‘राजनीतिक चेतना रैली’ की जानकारी देते हुए इसकी तैयारी के सिलसिले में निरंतर होने वाली बैठकों के लिए दिल्ली में कोई स्थान उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इस पर केंद्रीय मंत्री ने 40 लोगों की क्षमता वाले अपने एक हॉल का उपयोग करने का प्रस्ताव दे दिया। उन्होने कहा कि जायसवाल शक्ति-वैश्य शक्ति है, राष्ट्र शक्ति है। आप सब इस भावना से आप कार्य करें तो मुझे बड़ी खुशी होगी। समाज में समन्वय बनाकर एक दूसरे का सहयोग कर हमें आगे बढ़ाना है।
Leave feedback about this