आगरा।
उंगलियों के हुनर से ही दोस्तों,
शक्त पाती है चाक पर मिट्टी।
व्यक्ति का हुनर ही उसे जिंदगी में आगे बढ़ाता है। इसीलिए हुनर हासिल करने का कोई मौका किसी को गंवाना नहीं चाहिए। आगरा में शिवहरे के बच्चों, युवतियों और महिलाओं को इस बार गर्मियों में हुनर हासिल कर आत्मनिर्भर बनने का एक खास मौका दे रहा ‘शिवहरे सशक्त महिला मंडल’।


दरअसल, दाऊजी मंदिर के शिवहरे सदन में ‘शिवहरे सशक्त महिला मंडल’ की ओर एक समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। 2 जून से शुरू होने वाले इस 15-दिनी समर कैंप में बच्चों और युवतियों व महिलाओं को रचनात्मक गतिविधियां सिखाने के साथ ही उनके व्यक्तित्व विकास पर भी जोर दिया जाएगा। अध्यक्ष श्रीमती कविता रवि गुप्ता ने शिवहरेवाणी को यह जानकारी देते हुए बताया कि 16 जून तक चलने वाले इस समर कैंप में डांस, कढ़ाई, ढोलक बजाना, सेल्फ रेडी मेकअप, मेहंदी, योगा, साड़ी रैपिंग, नॉन फायर डिश, पेंटिंग, बेस्ट मटेरियल आइटम और डेकोरेशन आइटम बनाना सिखाया जाएगा। कोशिश होगी कि बच्चों को उनकी अभिरुचि के अनुरूप किसी रचनात्मक गतिविधि में हुनरमंद किया जाए। साथ ही यह काउंसिलिंग भी की जाएगी कि समर कैंप में हासिल हुनर को किस तरह और निखारा जाए, ताकि उनका यह कौशल भविष्य में उन्हें आत्मनिर्भर बनने का मार्ग प्रशस्त करे।


श्रीमती कविता रवि गुप्ता ने बताया कि समर कैंप में ज्यादातर तो शिवहरे सशक्त महिला मंडल की हुनरमंद सदस्य प्रशिक्षण देंगी, लेकिन बीच-बीच में बाहर से भी ट्रेनर्स बुलाए जाएंगे। इच्छुक बच्चे, युवतियां या महिलाएं मात्र 100 रुपये का टोकन-शुल्क प्रदान कर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें श्री कविता रवि गुप्ता अथवा मंडल की किसी भी महिला से संपर्क करना होगा। समर कैंप का समापन 16 जून को किया जाएगा और समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही समर कैंप में तैयार वस्तुओं की प्रदर्शनी ‘हुनर की हाट’ भी लगाई जाएगी।


श्रीमती कविता रवि गुप्ता ने बताया कि शिवहरे सशक्त महिला मंडल दरअसल प्रतिभाशाली और हुनरमंद महिलाओं का ग्रुप है। समर कैंप में सुश्री प्रस्तुति गुप्ता बच्चों को डांस सिखाएंगे, हेयर एसेसरी की ट्रेनिंग श्रीमती गीता गुप्ता देंगी। परी गुप्ता ड्राइंग-पेंटिंग की ट्रेनिंग देंगी। मीनाक्षी शिवहरे मेकअप, राशि गुप्ता मेहंदी, दीपाली शिवहरे ढोलक, प्रिया शिवहरे कड़ाई और उपासना शिवहरे साड़ी ड्रैपिंग की ट्रेनिंग देंगी। अध्यक्ष श्रीमती कवि गुप्ता झूला बनाना सिखाएंगी। श्रीमती कविता रवि गुप्ता ने समाज की हुनरमंद महिलाओं को ऑफर दिया है कि यदि वे किसी हुनर में कुशलता रखती हैं, तो समर कैंप ज्वाइन कर अपने हुनर से समाज के बच्चों व महिलाओं को समृद्ध कर सकती हैं। इसके लिए इच्छुक महिलाएं उनसे संपर्क कर सकती हैं।
Leave feedback about this