समाचार

सीडब्लूसी मजिस्ट्रेट लता गुप्ता की उठावनी आज शाम 4 बजे से

आगरा। 
आगरा की जानी-मानी बाल एवं महिला अधिकार कार्यकत्री और बाल कल्याण समिति (सीडब्लूसी) की मजिस्ट्रेट श्रीमती लता गुप्ता पत्नी श्री अनिल गुप्ता (शिवहरे) का शनिवार देर रात को निधन हो गया है। उठावनी आज मंगलवार दिनांक 22.06.2020 को शमशाबाद रोड पर एकता पुलिस चौकी के पास स्थित विभव विहार के पार्क में शाम 4 से 5 बजे तक होगी। 
58 वर्षीय श्रीमती लता गुप्ता डायबिटीज से पीडि़त थीं और कुछ समय से बीमार चल रही थीं। बीते शनिवार को तबीयत अधिक बिगड़ जाने पर परिवारीजन उन्हें दिल्ली ले गए जहां अस्पताल में उपचार के दौरान उनका निधऩ हो गया। सोमवार को ताजगंज स्थित श्मशानघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। 
लता गुप्ता पुत्री स्व. पातीराम गुप्ता मूल रूप से कानपुर की  थीं और वहीं से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर करने के बाद उनका विवाह आगरा में आलमगंज निवासी अनिल गुप्ता पुत्र स्व. नंदगोपाल शिवहरे से हुआ जो फॉरेस्ट रेंजर के पद पर थे। अनिल गुप्ता बीती 31 मई को ही वह रिटायर हुए हैं। श्रीमती लता गुप्ता अपने पीछे पति अनिल गुप्ता के साथ ही पुत्र निखिल गुप्ता, विवाहित पुत्री दिव्या एवं दामाद अमोल माहेश्वरी और एक अविवाहित पुत्री मनीषा को छोड़ गई हैं। 
श्रीमती लता गुप्ता आगरा के सामाजिक क्षेत्र में काफी सक्रिय थीं। वह कई महिला संगठनों से जुड़ी थीं। महिला एवं बाल अधिकारों के लिए अपने कार्यों के चलते उन्होंने अपनी विशेष पहचान बनाई थी। बीते चार वर्षों से वह बाल कल्याण समिति की मजिस्ट्रेट के रूप में कार्य कर रही थीं। उनके निधन पर समिति के सदस्यों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। 
 
 

Exit mobile version