शिवहरे वाणी नेटवर्क
फिरोजाबाद।
कोरोना वायरस जिस तेजी से पैर पसार रहा है, उसी तेजी से उसका बचाव के लिए जागरूकता का प्रसार भी हो रहा है। आगरा में शिवहरे समाज द्वारा होली मिलन समारोह स्थगित किए जाने के निर्णय ने भी लोगों को प्रभावित किया है। शिवहरे वाणी पर यह समाचार प्रसारित होने के बाद फिरोजाबाद में भी शिवहरे समाज एकता समिति ने बैठक कर होली मिलन समारोह निरस्त करने का फैसला किया है। यह जानकारी समिति के अध्यक्ष कमल गुप्ता एडवोकेट ने दी है।

दरअसल कोरोनावायरस से बचने के लिए तमाम ऐहतियात बरतने की सलाहें दी जा रही हैं। सामूहिक आयोजनों से दूर रहने, एक दूसरे से गले नहीं मिलने, हाथ नहीं मिलाने जैसी सतर्कताएं ऐसी हैं जिनका अनुपालन होली के त्योहार पर किसी के लिए भी मुश्किल होगा। खासतौर पर होली मिलन समारोह जैसे आयोजनों में जहां हाथ मिलाना और एक-दूसरे के गुलाल लगाकर गले मिलना परंपरा का हिस्सा है। इसी को देखते हुए पहले आगरा में शिवहरे समाज ने और अब फिरोजाबाद में समाज ने भी होली मिलन समारोह आयोजित नहीं करने का निर्णय लिया है।
शिवहरे समाज एकता समिति फिरोजाबाद के अध्यक्ष कमल गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बन रहे हालात के मद्देनजर समिति की एक आपात बैठक गुरुवार को आहूत की गई। बैठक में आगरा के शिवहरे समाज के निर्णय की सराहना करते हुए फिरोजाबाद में भी होली मिलन समारोह निरस्त करने का निर्णय किया गया।
फिरोजाबाद में 15 मार्च (रविवार) को सदर बाजार में रानीवाला मार्केट स्थित होटल तुलसी पैलेस में दोपहर 12 से सायं 4 बजे तक होली मिलन समारोह होना तय था। इसकी पूरी रूपरेखा तैयार की जा चुकी थी। निमंत्रण पत्र भी छपकर आ गए थी। होटल और हलवाई की बुकिंग भी कर दी गई थी। कुल मिलाकर हर साल की तरह इस बार भी ठंडाई, खाने-पीने समेत पूरे धमाल की व्यवस्था थी।
सदर बाजार में छोटा बाजार स्थित समिति के कार्यालय में कमल गुप्ता एडवोकेट की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कोरोनावायरस के घातक संक्रमण के प्रसार को देखते हुए होली मिलन समारोह निरस्त करने का निर्णय लिया गया। कमल गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि अब यह आयोजन भविष्य में परिस्थिति अनुकूल होने पर किसी अन्य रूप में किया जाएगा।
बैठक में महासचिव मनोज गुप्ता, कोषाध्यक्ष सोनू शिवहरे, राजकुमार गुप्ता, योगेंद्र गुप्ता, सुशील गुप्ता, गोपाल गुप्ता, सनी गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, शिवकुमार गुप्ता (मन्नु), ललतेश गुप्ता, विनोद गुप्ता (कोयला वाले), विनोद गुप्ता (नारखी) आदि उपस्थित रहे।
