शिवहरे वाणी नेटवर्क
आगरा।
कलचुरी समाज के विकास एवं उत्थान को समर्पित वेबपोर्टल 'शिवहरे वाणी' अब एक नए मुकाम पर पहुंच गया है। रविवार से 'शिवहरे वाणी' एक मोबाइल एप के रूप में आपके मोबाइल पर उपलब्ध रहेगा। आगरा के जिज्ञासा पैलेस होटल में मोबाइल एप का लोकार्पण कर दिया गया। समारोह में समाजसेवी श्री रामप्रकाशजी गुप्ता ने 'शिवहरे वाणी' प्रकाशन की टीम को मोबाइल एप भेंट किया, जिसके बाद अतिथियों ने मोबाइल एप का प्लेकार्ड प्रदर्शित इसका विधिवत लोकार्पण किया। समारोह में उपस्थित सभी प्रबुद्धजनों ने श्री रामप्रकाशजी गुप्ता की इस पहल की भूरि-भूरि सराहना की और 'शिवहरे वाणी' को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रदान कीं।
समाजबंधु अब अपने मोबाइल पर 'शिवहरे वाणी' मोबाइल एप का लिंक डाउनलोड कर समाज की गतिविधियों का अद्यतन जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। 'शिवहरे वाणी' के कार्यकारी संपादक सोम साहू ने सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि आने वाले समय में 'शिवहरे वाणी' समाज का एक उपयोगी मंच साबित होगा।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री विजय शिवहरे, मंदिर श्री दाऊजी महाराज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री भगवान स्वरूप शिवहरे, मंदिर श्री राधाकृष्ण के प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री अरविंद गुप्ता, मंदिर श्री दाऊजी महाराज प्रबंध समिति के पूर्व अध्यक्ष श्री विनोद चंद्र गुप्ता एडवोकेट, भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के ब्रज प्रांत संयोजक श्री केके शिवहरे के साथ ही सिरसागंज नगर पालिका के नवनिर्वाचित चेयरमैन श्री संत कुमार शिवहरे उर्फ सोनी शिवहरे एवं उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सुमन चतुर्वेदी भी मंचासीन रहे।
'शिवहरे वाणी' के कार्यकारी संपादक सोम साहू ने कहा कि मोबाइल एप 'शिवहरे वाणी' का एक सपना था, जिसे श्री रामप्रकाशजी गुप्ता ने साकार कर दिया है। यह कोई आसान काम नहीं है, भारी भरकम खर्चे का काम है। खास बात यह है कि उनकी यह पहल आत्मप्रेरित है। सोम साहू ने बताया कि, श्री गुप्ताजी की शालीनता और विनम्रता की इंतेहा यह है कि एक महंगा मोबाइल एप अपने खर्चे पर बनवाने के बाद भी वह इसका लोकार्पण समारोह करने के पक्ष में नहीं थे, बल्कि चाहते थे कि मोबाइल एप को सीधे-सीधे चुपचाप शुरू कर दिया जाए। बड़े मान-मनोवल के बाद वह लोकार्पण समारोह में आने को राजी हुए, लेकिन इस शर्त के साथ कि वह मंच शेयर नहीं करेंगे, और ना ही उनका किसी प्रकार से सम्मान या आभार व्यक्त किया जाए।
शिवहरे वाणी के मुख्य संपादक श्री सीमन्त साहू, प्रकाशक एवं प्रबंधक श्री अविरल गुप्ता, उपसंपादक श्री अतुल शिवहरे, फोटो एडीटर श्री अमित गुप्ता, मार्केटिंग प्रबंधक श्री अंशुल शिवहरे, प्रसार प्रबंधक डा. गौरव गुप्ता ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया और सम्मान-पत्र भेंट किया।