वाराणसी।
भगवान शिव की नगरी ‘काशी’ में बीते शनिवार को ‘कलचुरी महाकुंभ’ का नजारा सामने आया, जब ‘अखिल भारतवर्षीय हैहय कलचुरी महासभा’ के 91वें स्थापना दिवस समारोह में देशभर से कलचुरी समाजबंधु एवं महिलाएं यहां आ जुटे। इसे भगवान सहस्रबाहु का चमत्कार या अनुकंपा ही कहा जाएगा कि उम्मीद, अनुमान और अंदाज से बहुत अधिक संख्या में स्वजातीय लोगों के पहुंचने के बाद भी इंतजाम डगमगाए नहीं। समारोह इतना अनुशासित और व्यवस्थित रहा, कि मुख्य अतिथि के रूप में पधारे उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री श्री रविंद्र जायसवाल और राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जयनारायण चौकसे भी कार्यक्रम संयोजक श्री अशोक राय की क्षमताओं की सराहना करते नजर आए।
वाराणसी के ‘रुद्राक्ष इंटरनेशनल कॉरपोरेशन एंड कन्वेंशन सेंटर’ में 01 अगस्त को अधिवेशन में जुटे हजारों कलचुरी समाजबंधु भले ही भाषा और संस्कृति के आधार पर अलग-अलग थे लेकिन ‘एक नाम, एक पहचान’ का एक संकल्प लेकर लौटे। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जयनारायण चौकसे ने कलचुरी समाज के सामाजिक उत्थान की यात्रा का जिक्र करते हुए सभी से आगामी जनगणना में सरकारी प्रपत्र पर अपने नाम के आगे कलचुरी लिखने का आह्वान किया ताकि हमारी सही संख्या सामने आ सके। वहीं मुख्य अतिथि श्री रविंद्र जायसवाल ने समाज में व्याप्त कुरीतियों के उन्मूलन की दिशा में आगे आने की अपील की। दोनों ने माना कि वाराणसी अधिवेशन उम्मीद से कहीं अधिक सफल रहा, और निश्चय ही यह समाज की एकता, संगठन शक्ति और समाज के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष श्री अशोक राय बधाई के पात्र हैं जिन्होंने मुख्य संयोजक की तौर पर अपनी टीम और राष्ट्रीय महिला इकाई के सहयोग व समन्वय से एक सफल आयोजन को अंजाम देकर उत्कृष्ट संगठन क्षमता की ऐसी मिसाल पेश की है जो महासभा की राष्ट्रीय व प्रदेश इकाइयों को प्रेरित करेगी। अधिवेशन में शिक्षा, रोजगार, राजनीति, व्यवसाय, सामाजिक नेतृत्व, महिला सशक्तीकरण, युवाओं की सहभागिता एवं संगठन विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी व्यापक मंथन हुआ।
इससे पूर्व श्री अशोक राय ने अपने स्वागत उदबोधन में समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर ऐसा सकारात्मक माहौल तैयार का आह्वान किया जहां सभी को सम्मान, सहयोग और आगे बढने के समान अवसर प्राप्त हों। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री रविंद्र जायसवाल और अध्यक्षता कर रहे श्री जयनारायण चौकसे के साथ उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी, भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, राष्ट्रीय महासचिव एमएल राय, यूपी अध्यक्ष श्री अशोक राय, मध्य प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौकसे, फिका अध्यक्ष व्ही कुमार गौड़ (तेलंगना), आंध्र के पूर्व विधायक जी अशोकन (तमिलनाडु), थिया समाज अध्यक्ष श्री गणेश आरामंगलम (केरल), राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष श्रीमती पूनम चौधरी गुप्ता (दिल्ली), राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष श्री अखिल नाडर (तमिलनाडु), फिल्म अभिनेता श्री जयहिंद गौड़ (हैदराबाद), श्री जीसी जायसवाल (वाराणसी) समेत सभी मंचासीन अतिथियों ने भगवान सहस्रबाहु की पूजा अर्चना कर किया। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने महासभा की स्मारिका ‘सहस्रदीप’ का विमोचन किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महासचिव (एमपी) श्री वीरेंद्र पप्पू राय महासचिव मध्य प्रदेश इकाई ने किया। भोजनावकाश के बाद दूसरे सत्र में विवाहयोग्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन हुआ। अधिवेशन में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, बिहार, झारखंड, तेलंगना, आंध्र प्रदेश, तमिनालनाडु, कर्नाटक, केरल समेत 20 से अधिक राज्यों से हजारों कलचुरी समाजबंधुओं ने भागीदारी की।
समाचार
समाज
काशी में जुटा ‘कलचुरी महाकुंभ’; ‘एक नाम एक पहचान’ का संकल्प लेकर लौटे 20 से अधिक राज्यों से आए हजारों समाजबंधु
- by admin
- August 3, 2026
- 0 Comments
- Less than a minute
- 2 minutes ago















