समाचार

दाऊजी की पूनो पर फूलों से लकदक हुआ दाऊजी मंदिर, दिनभर श्रद्धालुओं का तांता, माखन-मिस्री का भोग लगाया, मोहनबाटी का प्रसाद पाया

आगरा।
आगरा में शिवहरे समाज की प्रमुख धरोहर मंदिर श्री दाऊजी महाराज में गुरुवार को दाऊजी की पूर्णिमा का पर्व पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया गया। पूरा मंदिर परिसर फूलों की सजावट से जगमगा उठा। शहनाई की धुन और ताशों की धमक के बीच श्रद्धालुओं ने दाऊजी के दर्शन कर माखन-मिश्री से उनका भोग लगाया, और स्वादिष्ट मोहन-बाटी का प्रसाद ग्रहण किया।
सुबह सात बजे से ही मंदिर के प्रवेश द्वार पर शहनाई शुरू हो गई, जिसके साथ ही दाऊजी और रेवती मैया के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। ब्रजराज दाऊजी महाराज, रेवती मैया के साथ ही भगवान श्रीकृष्ण ने भी फूलबंगले में आकर्षक श्रृंगार-पोशाक के साथ भक्तों को दर्शन दिए। अन्य स्वरूपों ने भी नई आकर्षक पोशाक में दर्शन दिए। श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा अर्चना के साथ ही माखन-मिश्री का भोग चढ़ाया। सुबह नौ बजे मंदिर के पुजारी श्री रामू पंडितजी और श्री आकाश मुदगल ने मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और शिवहरे समाजबंधुओं से दाऊजी, माता रेवती और कृष्ण दरबार की विशेष पूजा अर्चना कराई जिसके बाद भक्तगणों को माखन-मिश्री से निर्मित स्वादिष्ट मोहन-बाटी का प्रसाद वितरित किया गया।
इस मौके पर विधायक श्री विजय शिवहरे ने भी मंदिर में दाऊजी महाराज की पूजा अर्चना की। शिवहरेवाणी से बातचीत में उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण के बड़े भाई दाऊजी महाराज को बलभद्र, ब्रजराज, बलदाऊ, बलराम समेत कई नामों से जाना जाता है। आगरा में शिवहरे समाज की गौरवशाली धरोहर दाऊजी महाराज के नाम पर हैं जिन्हें कलचुरी का कुलप्रवर्तक भी माना जाता है, खासकर पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में कलचुरी समाज भगवान बलभद्र को ही कुलप्रवर्तक के रूप में मान्यता देता है। उन्होंने कहा कि मंदिर प्रबंधन जिस भक्तिभाव के साथ प्रत्येक वर्ष दाऊजी की पूनो महोत्सव का आयोजन करता है, वह बुजुर्गों की धरोहर और परंपरा के प्रति समाज के सम्मान को दर्शाता है।
मंदिर परिसर में फूलों की सजावट देखते ही बन रही थी। पूरे मंदिर को फूलों से सजाया गया, विद्युत झालरों के साथ रंगीन लाइटें मंदिर परिसर के सौंदर्य में चार चांद लगा रहे थे। दोपहर तक भक्तों का तांता लगा रहा। शाम को विद्युत झालरों की चमक फूलों की सजावट को और भी आकर्षक बना रही थी। इस दौरान दाऊजी मंदिर समिति के अध्यक्ष बिजनेश शिवहरे, वरिष्ठ उपाध्य़क्ष धर्मेंद्र राज शिवहरे, महासचिव आशीष शिवहरे (जिज्ञासा पैलेस), कोषाध्यक्ष संतोष गुप्ता, उपाध्यक्ष नवनीत गुप्ता, सचिव वीरेंद्र गुप्ता एडवोकेट, विजय शिवहरे (सिकंदरा), मोतीलाल शिवहरे (बालूगंज) समेत अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभालीं। इस दौरान संरक्षक श्री ब्रजमोहन शिवहरे, अशोक शिवहरे अस्सो, रवि शिवहरे बॉबी, अजय शिवहरे अग्गू, अजय गुप्ता, विजय पवैया, गोपाल शिवहरे, उमंग शिवहरे, विशाल शिवहरे (विशाल फोम्स), अनुज शिवहरे शैंकी समेत बड़ी संख्या में शिवहरे समाजबंधुओं ने पूजा-अर्चना की।

Exit mobile version