August 7, 2026
शिवहरे वाणी, D-30, न्यू आगरा, आगरा-282005 [भारत]
समाचार

अपडेट…डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद को सुशील मोदी का कद…ये पांच विभाग मिले

शिवहरे वाणी नेटवर्क
पटना/आगरा।
बिहार के विधानसभा चुनाव में कलचुरी कलवार समाज के चार प्रत्याशियों ने विजय हासिल की है जिनमें कटिहार से लगातार चौथी बार विधायक निर्वाचित हुए भाजपा के तारकिशोर प्रसाद (तारकेश्वर प्रसाद) को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। बीते रोज कैबिनेट की पहली बैठक में तारकिशोर प्रसाद को वित्त, वाणिज्य कर, पर्यावरण एवं वन, सूचना प्रोद्योगिकी, आपदा प्रबंधन एवं शहर विकास विभाग समेत पांच मंत्रालय दिए गए हैं। खास बात यह है कि तारकिशोर प्रसाद को सौंपे गए सभी मंत्रालय नीतीश की पिछली सरकार में भाजपा के कद्दावर सुशील मोदी के पास थे। 
तारकिशोर प्रसाद के अलावा जो तीन अन्य स्वजातीय विधायक निर्वाचित हुए हैं, उनमें  सीतामढ़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी मिथलेश कुमार, ढाका विधानसभा सीट से भाजपा के पवन कुमार जायसवाल और मुजफ्फरपुर विधानसक्षा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विजेंद्र चौधरी शामिल हैं।

64 वर्षीय तारकिशोर प्रसाद बिहार के कटिहार विधानसभा क्षेत्र से 2005 से निरंतर विधायक निर्वाचित होते आ रहे हैं। बिहार में पहले चरण के तहत 28 अक्टूबर को हुए मतदान में उन्होंने आरजेडी के रामप्रकाश महतो को पांच हजार से अधिक मतों से पराजित किया है।  मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले के ग्राम तलखुआ के रहने वाले तारकिशोर प्रसाद एक व्यापारिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता गंगा प्रसाद कपड़े का कारोबार था जिसे तारकिशोर प्रसाद ने आगे बढ़ाया। 2001 में वह कटिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष भी रहे थे। उन्हें डिप्टी सीएम बनाए जाने पर कटिहार के व्यापारिक समुदाय ने भी हर्ष व्यक्त किया है। 
1974 में दरभंगा के ललित नारायण मिथिला यूनीवर्सिटी के अंतर्गत कटिहार में दर्शन साह कालेज से साइंस से इंटरमीडियेट करने वाले तारकिशोर प्रसाद का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से पुराना रिश्ता रहा है। छात्र जीवन से ही वह भाजपा की स्टूडेंट विंग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे हैं। एबीवीपी के विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी को अंजाम देने के बाद वह भाजपा में शामिल हुए। उन्होंने 2005 में पहली बार कटिहार विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और बहुत नजदीकी मुकाबले में राजद के डा. रामप्रकाश महतो को महज 165 मतों से  पराजित किया था। इसके बाद 2010 और 2015 में वह पुनः विधायक निर्वाचित हुए। 
तारकिशोर प्रसाद को बिहार भाजपा के प्रमुख नेता सुशील मोदी का काफी नजदीकी माना जाता है। इस बार चुनाव से पहले हलफनामे में उन्होंने अपने तथा अपनी पत्नी श्रीमती रेणु प्रसाद के पास कुल 1.9 करोड़ रुपये की संपत्तियों की घोषणा की, जिसमें से 1.4 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है। श्रीमती रेणु प्रसाद भागलपुर जिले के गोलदार पट्टी इलाके की हैं। उनके पिता सिद्धिनाथ प्रसाद भगत क्षेत्र के जाने-माने व्यवसायी थे। 
अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश एवं महाराष्ट्र प्रभारी श्री अटल कुमार गुप्ता ने शिवहरे वाणी से बातचीत में कहा कि तारकिशोर प्रसाद को डिप्टी सीएम बनाया जाना संपूर्ण कलवार समाज के लिए शुभ सूचना है। यह राजनीति में समाज की प्रभावशाली आमद का संकेत है जिसके लिए उनका संगठन लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने समाज के सभी विजयी प्रत्याशियों को भी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
बता दें कि अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा का एक प्रतिनिधिमंडल ने स्वजातीय प्रत्याशियों के पक्ष में समाज को एकजुट करने के लिए हाल ही में बिहार का दौरा किया था। लेकिन महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अशोक जायसवाल की तबीयत खराब होने के चलते प्रतिनिधिमंडल को बीच दौरे से लौटना पड़ा था। लिहाजा तारकिशोर प्रसादजी से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी थी। 
राजस्थान में पाली से वरिष्ठ समाजसेवी चंपालाल सिसोदिया, बांसवाड़ा से हरीश कलाल, हरियाणा से विजयपाल सिंह अहलुवालिया, कुलदीप वालिया, रमेश वालिया, दिल्ली से विजय भगत, किशोर भगत, पूना से राजेंद्र मेवाड़ा, चंडीगढ़ से मोहन सिंह अहलुवालिया, शीशपाल सिंह अहलुवालिया, अहमदाबाद से विनोद कलाल और मनुभाई से शिवहरे वाणी के माध्यम से तारकिशोर प्रसादजी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *