March 12, 2026
शिवहरे वाणी, D-30, न्यू आगरा, आगरा-282005 [भारत]
समाचार

TikTok को पटखनी, झांसी की वैष्णवी शिवहरे ने बनाया Revind

शिवहरेवाणी नेटवर्क
झांसी।
देश में लोकप्रिय चाइनीज एप टिकटॉक पर प्रतिबंध से मायूस लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। झांसी की होनहार छात्रा वैष्णवी शिवहरे ने अपने साथियों के साथ मिलकर ‘मेड इन इंडिया’ और ‘मेड फॉर इंडिया’ के आइडिया पर टिकटॉक जैसा एक एप बनाया है जिस पर यूजर्स को शॉर्ट वीडियो से मनोरंजन की हाई-डोज मिलेगी। “Revind” नाम का यह एप युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा सामने लाने का एक बड़ा प्लेटफार्म साबित हो सकता है। 
मथुरा में जीएलए यूनीवर्सिटी से बीटेक (कंप्यूटर साइंस इंजीनियर) थर्ड ईयर की छात्रा वैष्णवी शिवहरे ने शिवहरेवाणी को बताया कि “Revind” एप एक ऐसा प्लेटफार्म है जिस पर भारतीय युवा छोटे-छोटे वीडियोज डालकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं, स्वदेशी ब्रांड भी अपना प्रमोशन कर सकते हैं। कुल मिलाकर यह एप देश के विकास में मददगार हो सकता है। वैष्णवी ने बताया कि “Revind” एप टिकटॉक से इस मायने में अलग है कि इसमें निगेटिव कंटेट नहीं डाले जा सकते। मसलन शराब पीते हुए या सिगरेट पीते हुए के वीडियोज इस पर नहीं डाले जा सकते जो बच्चों पर बुरा प्रभाव डाल सकते हैं। 
झांसी में शिवाजी नगर स्थित मां वैष्णों बिल्डिंग मैटेरियल के प्रोपराइटर श्री राजकुमार शिवहरे की होनहार पुत्री वैष्णवी शिवहरे ने बताया कि गूगल प्ले स्टोर से इस एप को डाउनलोड करने के बाद यूजर्स को वीडियो बनाने, इफेक्ट देने, उन्हें स्लो अथवा फास्ट मोड पर करने, गानों को तैयार करने की सहूलियतें मिलेंगी। यह एप भारत का अब तक का दूसरा शॉर्ट वीडियो एप है। इस एप को डेवलप करने में वैष्णवी के साथ उनके सहपाठियों झांसी की ही आशिता, विजय सेठ और वाराणसी के प्रखर व स्वर्णिमा सिंह का भी सहयोग रहा है।
वैष्णवी ने बताया कि कोरोना को लेकर देशभर में लागू लॉकडाउन से आईटी सेक्टर की कंपनियां बुरी तरह प्रभावित हो रही थीं। इसी दौरान वैष्णवी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ‘मंकी सोल्युशंस’ नाम से एक स्टार्टअप शुरू किया जो बिजनेस से जुड़े लोगों और कंपनियों को ऑनलाइन सर्विसेज प्रोवाइड कराता है।  हाल में चीन से तनाव बढ़ने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने टिकटॉक समेत कई चीनी एप्स पर प्रतिबंधित कर दिया । तब हम लोगो ने सोचा कि क्यों न हम टिकटॉक जैसा ही एप तैयार करें। और, अंततः हमें सफलता मिल गई। अब तक करीब 2000 लोग इस एप को डाउनलोड कर चुके हैं, और अब हमारा फोकस इसे प्रमोट करने पर होगा। 
वैष्णवी अपनी सफलता का श्रेय पिता राजकुमार शिवहरे और मां श्रीमती नीलम शिवहरे को देती हैं। वैष्णवी का कहना है कि पेरेंट्स ने हर परिस्थिति में मेरा साथ दिया, मुझे अच्छे कॉलेज में एडमिशन दिलाया और मेरी जरूरत की हर सुविधा उपलब्ध कराई। उन्होंने जीएलए के टीचर्स का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में उनका मार्गदर्शन किया। 
वैष्णवी ने झांसी के सन इंटरनेशनल स्कूल से सीबीएसई बोर्ड से दसवीं की परीक्षा 91% और बारहवीं की परीक्षा 82.8% अंकों से उत्तीर्ण की थी। वैष्णवी अपनी छोटी बहन विशाखा और भाई वैभव के लिए रोल मॉडल बन गई हैं। विशाखा 11वीं कक्षा में हैं, हाइस्कूल में उसने 93% स्कोर किए जिसके लिए कलचुरी कलार सर्ववर्गीय समाज झांसी की ओर से दो दिन पहले हुए मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह में उसे सम्मानित किया गया था। वैभव अभी पांचवी कक्षा में है। 
 

Leave feedback about this

  • Quality
  • Price
  • Service

PROS

+
Add Field

CONS

+
Add Field
Choose Image
Choose Video