November 19, 2026
शिवहरे वाणी, D-30, न्यू आगरा, आगरा-282005 [भारत]
समाचार

आगराः भगवान सहस्रबाहु जन्मोत्सव पर खुशियों की दीवाली; शिवहरे महिलाओं ने जलाए 11-11 दीये; अध्यक्ष कविता गुप्ता का अभिनंदन

आगरा।
आगरा की शिवहरे महिलाओं ने बुधवार को राधाकृष्ण मंदिर में सहस्रबाहु जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में एक और दिवाली मनाई। भगवान सहस्रबाहु के चित्र के समक्ष 11-11 दीपकों के जगमगाते थाल सजाकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान सभी महिलाओं को आगरा में होने वाले 2151 कुण्डीय मां पीताम्बरा महायज्ञ के कलश वितरित किए गए।
आगरा में आलमगंज स्थित शिवहरे समाज की धरोहर ‘राधाकृष्ण मंदिर’ में इस कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक कार्यों में सक्रिय सेवाभावी महिलाओं के संगठन ‘शिवहरे सशक्त महिला मंडल’ के तत्वावधान में किया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ मां पीताम्बरा महायज्ञ के आयोजन से जुड़े संतों और राधाकृष्ण मंदिर समिति के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में आगरा में होने वाले 2151 कुण्डीय मां पीताम्बरा महायक्ष के प्रबंधन से जुड़े संतों की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही। संतों ने सभी महिलाओं को कलश प्रदान कर कलश-यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया। महिलाओं ने संतों के आमंत्रण को स्वीकार कर उनका आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष श्रीमती कविता गुप्ता ने शिवहरे महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में कलश यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।
इस दौरान अध्यक्ष श्रीमती कविता गुप्ता को हैहय कलचुरी महिला महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किए जाने पर सभी ने खुशी का इजहार करते हुए उन्हें बधाई दी। महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती पूनम चौधरी ने बीते रोज डबरा में आयोजित सहस्रबाहु जन्मोत्सव में यह घोषणा की थी। मंडल की श्रीमती भावना गुप्ता और कंचन शिवहरे ने कविता गुप्ता को पटका पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद महिलाओं ने भजन-कीर्तन किए और भगवान को भोग अर्पित किया। हंसी-खुशी के इस माहौल में समय कब बीत गया, पता ही नहीं चला। श्रीमती कविता गुप्ता ने सभी महिलाओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में शैलजा गुप्ता, भावना गुप्ता, शिल्पी गुप्ता, दीपाली गुप्ता, चंचल गुप्ता, रितु गुप्ता, पूनम गुप्ता, साधना गुप्ता, रचना गुप्ता समेत कई महिलाएं शामिल हुईं। इस दौरान युवा भाजपा नेता हर्ष शिवहरे (उपाध्यक्ष-दीनदयाल मंडल) और सुगम शिवहरे लवली भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *