आगरा।
तेजरफ्तार स्कूल बस की टक्कर से घायल 32 वर्षीय चांदी कारोबारी अंकित अग्रवाल एक निजी अस्पताल में मौत से जूझ रहे हैं। उनकी सांसें अब दवाओं और दुआओं के असर पर टिकी है। इस मुश्किल घड़ी में अग्रवाल और शिवहरे समाज पूरी मजबूती के साथ उनकी पत्नी श्रीमती शिखा (शिवहरे) और चार वर्षीय बेटी के साथ खड़ा है। परिवार को न्याय दिलाने के लिए सोशल मीडिया पर एक कैम्पेन (#justice_for_ankit_agrwal) भी शुरू कर दी गई है।
ताजगंज निवासी युवा भाजपा नेता अमित शिवहरे ने शिवहरेवाणी को बताया कि कटरा जोगीदास में रहने वाले अंकित अग्रवाल प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल की बस की टक्कर में घायल हुए है। हादसा पुरानी मंडी चौराहा के निकट खैराती टोला में गुरुवार सुबह 6.30 बजे हुआ, जब अंकित मनःकामेश्वर मंदिर और खाटू श्याम मंदिर के नियमित दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान गलत दिशा से आ रही प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल की तेज रफ्तार बस ने अंकित के एक्टिवा स्कूटर में सीधी टक्कर मार दी। हादसा इतना तेज था कि अंकित अग्रवाल मौके पर ही लहूलुहान होकर अचेत हो गए। बस में सवार स्कूल के टीचिंग स्टाफ ने अंकित के परिवारीजनों को फोन कर हादसे की जानकारी दी और उन्हें शहीदनगर स्थित उपाध्याय नर्सिंग होम में भर्ती कराकर चले गए। अस्पताल में अंकित अग्रवाल की हालत में जब 2-3 घंटे तक कोई सुधार नहीं हुआ तो परिवारीजनों ने उन्हें लॉयर्स कालोनी स्थित पोलरिज अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने अंकित अग्रवाल को गंभीर खतरे में बताया है। उनके दिमाग में रक्त का प्रवाह नहीं हो पा रहा है। उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया है। डाक्टर फिलहाल कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं।
दूसरी तरफ, दयालबाग स्थित प्रिल्यूड स्कूल प्रशासन का रुख बहुत संवेदनहीन और निष्ठुऱ नजर आ रहा है। यहां तक कि स्कूल स्वामी एवं प्रबंधक सुशील गुप्ता ने अभी तक पीड़ित परिवार से मिलने तक की जहमत नहीं उठाई है। समाज के लोगों ने सुशील गुप्ता से फोन पर संपर्क साधने का प्रयास किया। काफी मुश्किलों के बाद संपर्क हुआ भी, तो उन्होंने कहा कि वह केवल अंकित के उपचार में मदद ही करा सकते हैं, इसके आगे उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं है। स्कूल प्रशासन के रवैये से लोग बहुत असंतुष्ट औऱ उद्वेलित हैं। उनका कहना है कि वाहन संचालन में सुरक्षा के उचित इंतजाम, ऐहतियात और गति नियंत्रण नहीं होने की वजह से ही यह गंभीर हादसा हुआ है, स्कूल प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ सकता। उसे भूलना नहीं चाहिए कि उसकी एक चूक ने एक भरे-पूरे परिवार की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया है।
इस बीच समाज के लोगों ने विधायक श्री विजय शिवहरे से भी मुलाकात कर उनसे हस्तक्षेप का अनुरोध किया है। श्री विजय शिवहरे ने इस मामले मे हरसंभव सहायता व प्रयास का आश्वासन दिया है। फिलहाल परिवारीजनों की ओर से थाना ताजगंज में स्कूल व बस स्वामी सुशील गुप्ता और प्रिसिंपल अरविंद श्रीवास्तव के खिलाफ तहरीर दी गई है।
आपको बता दे कि 32 वर्षीय श्री अंकित अग्रवाल (पुत्र स्व. श्री अनिल कुमार अग्रवाल) ‘5/25, कटरा जोगीदास, ताजगंज, आगरा’ में अपनी वृद्ध माताजी, पत्नी श्रीमती शिखा और चार वर्षीय बेटी के साथ रहते हैं। वह परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी श्रीमती शिखा (शिवहरे) अग्रवाल आवास विकास कालोनी निवासी श्रीमती रंजीता शिवहरे (पत्नी स्व. श्री आनंद शिवहरे) की छोटी पुत्री हैं, और रामचंद्रपुरी निवासी श्री गोपाल शिवहरे की भतीजी हैं।
श्री अमित शिवहरे का कहना है कि हम सब अंकित अग्रवाल की जिंदगी के लिए दुआ कर रहे हैं। लेकिन यदि उनके साथ कुछ अनहोनी होती है तो उनके परिवार को न्याय दिलाने में पीछे नहीं हटेंगे।
समाचार
प्रिल्यूड स्कूल की बस की टक्कर से युवक गंभीर घायल; शिवहरे और अग्रवाल समाज ने छेड़ी न्याय की मुहीम; स्कूल मालिक व प्रिंसिपल के खिलाफ तहरीर
- by admin
- May 8, 2026
- 0 Comments
- Less than a minute
- 2 hours ago





















Leave feedback about this