काशी।
भगवान शिव की नगरी काशी में अगले दो दिन सहस्रबाहु के वंशजों का जमावड़ा रहेगा। अखिल भारतवर्षीय हैहय कलचुरी महासभा के एक और दो अगस्त को होने वाले 91वें स्थापना दिवस समारोह एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन की तैयारियां लगभग हो चुकी हैं। कार्यक्रम संयोजक अशोक राय (यूपी अध्यक्ष) अपनी टीम और सहयोगी के रूप में राष्ट्रीय महिला इकाई की प्रमुख पदाधिकारियों के साथ काशी पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा में जुटे हैं। इस बीच, महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जयनारायण चौकसे ने संदेश जारी कर यह स्पष्ट कर दिया है कि काशी के कलचुरी समाज के ‘एक संगठित, समरस और प्रगतिशील समाज’ होने का संदेश पूरे देश में प्रसारित करेगा।
इस बार खास बात यह है कि स्थापना दिवस समारोह के साथ विवाहयोग्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन को जोड़ा गया है। समारोह के सभी कार्यक्रम काशी के ‘रुद्राक्ष इंटरनेशनल कॉरपोरेशन एंड कन्वेंशन सेंटर’ में होंगे। एक अगस्त को दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले प्रथम सत्र में अतिथियों का सम्मान एवं उनके उदबोधन के साथ ही सहस्रदीप पत्रिका का विमोचन भी किया जाएगा। भोजनावकाश के बाद अपराह्न 3 बजे सम्मान समारोह और शाम 4 बजे से विवाहयोग्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन शुरू होगा जिसमें विवाहयोग्य स्वजातीय बच्चे मंच से अपना वैवाहिक परिचय देंगे। श्री चौकसे ने अपने संदेश में कहा है कि राष्ट्रीय परिचय सम्मेलन में केवल रिश्ते ही नहीं जुड़ेंगे, बल्कि देशभर में कलचुरी परिवारों के बीच परस्पर विश्वास, आत्मीयता और सामाजिक एकता के नए अध्याय का शुभारंभ भी होगा। बकौल चौकसे, ‘परिचय सम्मेलन के पीछे हमारी सोच यही है कि यदि हम अपनी युवा पीढ़ी को संगठित समाज, पारिवारिक संस्कार और सकारात्मक सामाजिक वातावरण देंगे, तो आने वाले समय कलचुरी समाज का स्वर्णिम युग साबित होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, समारोह के दूसरे दिन 2 अगस्त को राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी जिसमें संगठन के सुदृढ़ीकरण, शिक्षा सुधार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं की सहभागिता, सामाजिक एकता तथा विकास की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। सामूहिक भोज के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
राष्ट्रीय महासचिव एमएल राय ने बताया कि काशी में अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था होटल योग रेजीडेंसी एवं होटल केवल पैलेस में 31 जुलाई दोपहर 12 बजे से 2 अगस्त दोपहर 12 बजे तक रहेगी। महासभा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक अशोक राय ने बताया कि महासभा का स्थापना दिवस समामान्यतः 3 अगस्त को मनाया जाता है किन्तु इस वर्ष विशेष परिस्थितियों के चलते इसे एक एवं दो अगस्त को आयोजित किया जा रहा है। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन में देशभर से महासभा के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविद, समाजसेवी एवं हजारों स्वजातीय बंधु सहभागी होंगे। केंद्रीय मंत्री श्रीपद यसो नाईक और उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री व स्थानीय विधायक रविंद्र जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं।
बता दें कि अखिल भारतवर्षीय हैहय कलचुरी महासभा देश के कलचुरी समाज की सबसे प्रतिष्ठित एवं ऐतिहासिक राष्ट्रीय संस्थाओं में से एक है। सामाजिक सुधार, शिक्षा, संगठन एवं सांस्कृतिक जागरण के क्षेत्र में महासभा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान समय में जातिगत जनगणना के संदर्भ में एक पहचान के अभियान तथा महेश्वर में प्रस्तावित भगवान राज राजेश्वर सहस्रार्जुन धाम के निर्माण जैसे ऐतिहासिक विषयों पर महासभा सक्रिय नेतृत्व कर रही है। इन दोनों अभियानों में अराष्ट्रीय अध्यक्ष जय नारायण चौकसे का विशेष योगदान रहा है।
समाचार
शिव की काशी में रहेगा सहस्रबाहु वंशजों का जमावड़ा; एक और दो अगस्त को हैहय कलचुरी महासभा के स्थापना दिवस समारोह के लिए तैयार प्राचीन नगरी
- by admin
- July 30, 2026
- 0 Comments
- Less than a minute
- 2 minutes ago













