आगरा।
आगरा में शिवहरे समाज के मेधावी बच्चों का सम्मान समारोह आगामी 20 सितंबर को दाऊजी मंदिर के ‘शिवहरे भवन’ में होगा। ‘शिवहरे समाज एकता परिषद’ और ‘शिवहरेवाणी’ के तत्वावधान में होने वाले इस समारोह के लिए पात्र बच्चों की प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 अगस्त कर दी गई है।

शिवहरे समाज एकता परिषद के संस्थापक-संयोजक अमित शिवहरे ने यह जानकारी दी है। बीते रविवार को सींगना स्थित केके रिसॉर्ट में परिषद की बैठक हुई जिसमें 20 सितंबर को होने वाले ‘मेधावी छात्र-छात्रा एवं शिवहरे रत्न सम्मान समारोह’ की तैयारियों को लेकर चर्चा के बाद कई निर्णय लिए गए। परिषद के कोर ग्रुप ने इन निर्णयों को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। परिषद के अध्यक्ष डा. गौरव गुप्ता ने बीते रोज शिवहरेवाणी को बताया कि 20 अगस्त तक 25 मेधावी बच्चों की प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं। आगरा, फिरोजाबाद, इटावा और मथुरा से भी प्रविष्टियों के आने का क्रम जारी है, जिसे देखते हुए कोर कमेटी ने प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 अगस्त कर दी है, जो पहले 20 अगस्त निर्धारित थी।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष हिमांशु शिवहरे ने बताया कि परिषद का प्रयास है कि समाज का कोई भी पात्र बच्चा सम्मान से वंचित न रहे, लिहाजा अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। कोषाध्य़क्ष वरुण गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि प्रविष्टियों के संबंध में वह सभी जनपद प्रभारियों से संपर्क बनाए हुए हैं। महामंत्री अंकुर शिवहरे ने बताया कि समारोह का आयोजन दाऊजी मंदिर के शिवहरे भवन में कराने का निर्णय बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया, जिसके बाद मंदिर के अध्यक्ष श्री बिजनेश शिवहरे से फोन पर भी अनुमति ली गई। श्री बिजनेश शिवहरे ने सहर्ष इसकी अनुमति प्रदान करते हुए सहयोग की पेशकश भी की। उन्होंने कहा कि समाजहित के पुनीत कार्यों के लिए मंदिर प्रबंध समिति सदैव तत्पर है।

अंत में बैठक के सफल आयोजन के लिए कोर कमेटी के अध्यक्ष अंशुल शिवहरे का आभार व्यक्त किया। बैठक के बाद सभी ने स्वादिष्ट दाल-बाटी का आनंद लिया। बैठक में कोषाध्यक्ष वरुण गुप्ता एडवोकेट, संगठन मंत्री पंकज शिवहरे, सुगम शिवहर लवली (फिरोजाबाद प्रभारी), पंकज शिवहरे (मथुरा प्रभारी), उदय गुप्ता, विवेक गुप्ता, अंकित शिवहरे, कुशल गुप्ता, सुनील गुप्ता, आयुष शिवहरे नानू, गौरव शिवहरे भी उपस्थित रहे।













