भोपाल।
मध्य भारत की प्रतिष्ठित शैक्षणिक समूह ‘एलएनसीटी ग्रुप’ ने घोषणा की है कि 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में टॉप करने वाले कलचुरी समाज के बच्चे उच्च शिक्षा के लिए यदि उनके किसी शिक्षण संस्थान में एडमिशन लेते हैं, तो उन्हें निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। यह घोषणा एलएनसीटी ग्रुप के सचिव डॉ. अनुपम चौकसे ने बीते रोज अखिल भारतीय हैहय क्षत्रिय कलचुरी महासभा के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए की।


महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. चौकसे ने इस वर्ष 12वीं की मध्य प्रदेश बोर्ड की परीक्षा में 98 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप करने वाली सुश्री खुशी राय को सम्मानित करते हुए प्रोत्साहन स्वरूप उनके समक्ष यह प्रस्ताव रखा। आगे उन्होंने कहा कि न केवल सुश्री खुशी राय, बल्कि कलचुरी समाज का कोई भी बच्चा जिसने 12वीं की किसी भी बोर्ड परीक्षा में टॉप किया है, और वह उनके संस्थान में एड़मिशन लेना चाहता है तो उसे निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कलचुरी समाज का टॉपर बच्चा यदि उनके संस्थान एडमिशन नहीं भी लेता है, तो भी वह समाज द्वारा निर्धारित प्रोत्साहन या सहायता में योगदान के लिए तत्पर रहेंगे। उनकी इस घोषणा का सभी ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।


मौका था अखिल भारतीय हैहय क्षत्रिय कलचुरी महासभा की मध्य प्रदेश इकाई की वार्षिक बैठक का जिसका आयोजन एलएनसीटी ग्रुप के एलएन मेडिकल कॉलेज सभागार में किया गया था। कार्यक्रम में महासभा के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट एमएल राय, भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, मध्य प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौकसे, डा. एलएन मालवीय ने भी संबोधित किया। मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों एवं प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों ने भी समाज के उत्थान एवं अपने-अपने जिले में चल रही गतिविधियों के बारे में विचार व्यक्त किये ।


कार्यक्रम में भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती गुंजन चौकसे, नवनियुक्त भाजपा जिला उपाध्यक्ष अश्वनी राय, जिला उपाध्यक्ष श्री हरीराम राय, कलचुरी सेना के कौशल राय, प्रमोद राय, विपिन चौकसे, राहुल शिवहरे (लहार, भिंड), हरिओम राय (ग्वालियर) समेत अन्य राष्ट्रीय एवं प्रदेश के पदाधिकारी उपस्थित रहे। संचालन प्रदेश महामंत्री श्री वीरेंद्र राय ने किया। मध्याह्न भोजन के उपरांत सभी पदाधिकारी तथा प्रतिनिधियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।























Leave feedback about this