आगरा।
नाई की मंडी के एक संघर्षशील परिवार की बिटिया ग्रेसी शिवहरे को एनसीसी की ‘1 यूपी बटालियन’ में आगरा ग्रुप की ‘बेस्ट कैडेट’ चुना गया है। इटावा में बीते दिनों हुई परीक्षा में ग्रेसी ने अपनी प्रतिभा, लगन और अनुशासन के बल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह गौरव प्राप्त किया।

आगरा में सुभाष पार्क स्थित ‘सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कालेज’ की दसवीं (इंग्लिश मीडियम) की छात्रा ग्रेसी शिवहरे की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य व शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। संजय प्लेस में ‘नान’ की दुकान के संचालक श्री विवेक शिवहरे की पुत्री ग्रेसी शिवहरे सही मायने में ‘गुदड़ी का लाल’ होने की मिसाल है जो प्रतिभा संपन्न होने के साथ ही धुन की पक्की भी है। भविष्य में वह एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट क्वालीफाई कर सैन्य सेवा में जाना चाहती है। यह अलग बात है कि वह पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देती है और क्लास में अव्वल आती है। नवीं कक्षा में भी वह 90 प्रतिशत अंक लेकर दूसरे स्थान पर रही थी। इस बार यूपी बोर्ड की परीक्षा देनी है।

ग्रेसी शिवहरे ने शिवहरेवाणी को बताया कि बेस्ट कैडेट की चयन प्रक्रिया के अंतर्गत इटावा में प्रतियोगिता आयोजित की गई थी जिसमें प्रदेशभर से लगभग 60 कैडेट्स ने भाग लिया था। ‘1 यूपी बटालियन’ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में पहले एक लिखित परीक्षा होनी थी, उसके बाद इंटरव्यू और अंतिम चरण फायरिंग परीक्षण का था। तीनों चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ग्रेसी का चयन आगरा ग्रुप की बेस्ट कैडेट के रूप में किया गया।

ग्रेसी शिवहरे ने बताया कि उसने दो वर्ष पूर्व ही एनसीसी ज्वाइन की थी। हाल ही में वह एक कैंप में शारदा यूनीवर्सिटी गई थी जहां पहली बार रायफल चलाना सीखा। फिर कुछ समय प्रैक्टिस की जिसके चलते वह शूटिंग राउंड क्वालीफाई कर पाई। प्रधानाचार्य श्रीमती सुमन राजपूत ने ग्रेसी की सराहना करते हुए कहा कि कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के बिना इस कठिन परीक्षा को क्वालीफाई नहीं किया जा सकता।

ग्रेसी की उपलब्धि पर उसके परिवार में खुशी का माहौल है। ग्रेसी मां श्रीमती पायल शिवहरे कहती हैं कि हमें अपनी बिटिया पर गर्व है और उससे बहुत उम्मीदें भी हैं। पिता विवेक शिवहरे (पुत्र स्व. श्री मुन्नालाल शिवहरे) भी बेटी की उपलब्धि से गौरवान्वित हैं। नाई की मंडी में गुजराती पाड़ा में रह रहा यह परिवार मूल रूप से जैतपुरा (इटावा) का है। ग्रेसी का भाई भव्य शिवहरे सेंट जोंस कालेज से बीकॉम फर्स्ट ईयर का छात्र है।












Leave feedback about this