झांसी।
‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद की कर्मभूमि रहे झांसी में देश का राष्ट्रीय खेल अपना पुराना गौरव दोहरा पाएगा? यहां के हीरोज ग्राउंड जैसे अन्य ऐतिहासिक मैदानों को बदहाली से मुक्ति मिलेगी? शहर में बुनियादी खेल ढांचा उस लेवल पर विकसित हो सकेगा कि यहां के खिलाड़ी भारतीय टीम में जगह बना सकें?
ऐसे तमाम सवालों के बीच बुंदेलखंड के प्रमुख समाजसेवी एवं उद्योगपति वीरेंद्र राय को ‘झांसी हॉकी संघ’ की कमान सौंप दी गई है। अखिल भारतीय कलचुरी जायसवाल समवर्गीय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र राय को झांसी हॉकी संघ का अध्यक्ष बनाए जाने पर देशभर से कलचुरी समाजबंधु उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दे रहे हैं।
झांसी हॉकी संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक में वीरेंद्र राय को सर्वसम्मति से नया अध्यक्ष चुना गया है। वीरेंद्र राय खुद भी खेल-प्रेमी हैं और शहर में विभिन्न खेलों के टूर्नामेंट्स के आयोजनों में आगे बढ़कर योगदान करते हैं। अब उन्हें ‘झांसी हॉकी संघ’ का अध्यक्ष बनाए जाने से उम्मीद जागी है कि झांसी में हॉकी के पुराने दिन आएंगे और भारतीय टीम में शहर का प्रतिनिधित्व नजर आएगा।
बता दें कि झांसी में हॉकी का गौरवशाली इतिहास रहा है। मेजर ध्यानचंद के अलावा अशोक ध्यानचंद, केपी यादव, अमित सेन, अब्दुल अजीज, सुबोध खांडेकर, तुषार खांडेकर, जमशेर खान, नेहा सिंह जैसे प्लेयर्स यहां से निकले हैं जिन्होंने भारतीय हॉकी टीम शामिल होकर नगर का गौरव बढ़ाया। पालीटेक्निक कालेज, पुलिस लाइन, हीरोज फील्ड, सदर जिमखाना, एलवीएम, डिग्री कालेज के मैदान इस शहर में हैं जो कई रोमांचकारी हॉकी मुकाबलों के गवाह हैं लेकिन अब उपेक्षा के शिकार हैं।
झांसी हॉकी संघ के अध्यक्ष के तौर पर वीरेंद्र राय के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी कि शहर में हॉकी की संरचना को विकसित कर उस लेवल पर ले जाएं जहां बच्चे इस खेल के लिए प्रेरित हो सकें। वीरेंद्र राय ने शिवहरेवाणी से बातचीत में कहा कि 1928 से 1964 के बीच भारत ने आठ में से सात ओलंपिक में हॉकी का गोल्ड मैडल जीता जिसमें झांसी से निकले खिलाड़ियों का बड़ा योगदान रहा था। हॉकी आज भी झांसी के लोगों का पैशन है। शहर में हॉकी की प्रतिभाओं की कमी नहीं है, उनका प्रयास रहेगा कि शहर में हॉकी की संरचना को और विकसित किया जाए जिससे प्रतिभाओं को निखरने के अवसर मिलें।
वीरेंद्र राय ने ‘झांसी हॉकी संघ’ के सभी सदस्यों व पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उन पर भरोसा कर उन्हें अध्यक्ष पद की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष अभिषेक भार्गव, सचिव सुबोध खांडेकर, सह-सचिव सुनीता तिवारी, कोषाध्यक्ष सलीमुद्दीन एवं सदस्य हिकमतुल्ला खां, चंद्रमोहन राय, सुनील वर्मा, सतीशचंद्र लाला, विनम्र खांडेकर, राजेश चौबे आदि उपस्थित रहे।
समाचार
वीरेंद्र राय को सौंपी ‘झांसी हॉकी संघ’ की कमान; बोले- शहर में हॉकी के बुनियादी ढांचे को विकसित करने का लक्ष्य;
- by admin
- October 7, 2026
- 0 Comments
- Less than a minute
- 2 hours ago













