आगरा।
लोहामंडी में आलमगंज स्थित शिवहरे गली (राधाकृष्ण मंदिर के बगल में) में शारदीय नवरात्र पर दुर्गा पंडाल सजाने की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। रविवार, 11 अक्टूबर को कलशयात्रा के साथ पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी और उसके बाद पूरे नौ दिन यह आम गली शिवहरे समाज की ‘श्रद्धा, आस्था और भक्ति’ का केंद्र बनी रहेगी।

खास बात यह है कि ‘शिवहरे युवा कमेटी’ नवरात्र के उपलक्ष्य में लगातार चौथी बार दुर्गा महोत्सव का आयोजन कर रही है। कमेटी के तुषार गुप्ता ‘तनु’ ने शिवहरेवाणी को बताया कि ‘दुर्गा महोत्सव’ का शुभारंभ रविवार, 11 अक्टूबर को सुबह पंडाल में मां दुर्गा की मनुहारी प्रतिमा की स्थापना के साथ होगा। मां की प्रतिमा एक भव्य कलशयात्रा के साथ पंडाल में लाई जाएगी। कलशयात्रा सुबह 10 बजे लोहामंडी थाने से शुरू होगी और बाजे-गाजे के साथ करीब 11 बजे शिवहरे गली पहुंचेगी, जिसके बाद पंडाल में देवी मां की प्रतिमा विधिवत स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि कलशयात्रा में कलश उठाने की इच्छुक महिलाएं राधाकृष्ण महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती पूनम गुप्ता (मोबाइल नंबर- 7060608550) से संपर्क कर सकती हैं।

तुषार गुप्ता तनु ने बताया कि पंडाल में प्रतिदिन सुबह मां की आरती की आरती की जाएगी और प्रतिदिन शाम को आरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सोमवार 12 अक्टूबर की शाम पंडाल को बंगाली थीम पर सजाया जाएगा जहां शिवहरे सशक्त महिला मंडल की ओर से भजन संध्या की जाएगी। मंगलवार, 13 अक्टूबर की शाम को ‘हनुमान भक्त राम’ की लोकप्रिय पहचान वाले कुलभूषण गुप्ता ‘रामभाई’ अपनी टीम के साथ सुंदरकांड की संगीतमयी प्रस्तुति देंगे। बुधवार, 14 अक्टूबर की शाम सबसे खास होने वाली है क्योंकि इस शाम पंडाल में गणेशलीला का मंचन किया जाएगा।

गुरुवार, 15 अक्टूबर की शाम को डांडिया रास का आनंद बरसेगा और शुक्रवार, 16 अक्टूबर की शाम को देवी जागरण का आयोजन किया गया है जो सुबह तक चलेगा। शनिवार, 17 अक्टूबर की शाम को राजस्थानी थीम पर देवी मां के सोलह-श्रृंगार किए जाएंगे और 84 भोग के साथ महाआरती भी जाएगी। रविवार, 18 अक्टूबर की शाम को बच्चों द्वारा झांकियों की प्रस्तुति दी जागी। सोमवार, 19 अक्टूबर को नवमी के दिन माता के भंडारे का आयोजन किया गया है और मंगलवार, 20 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा। शिवहरे युवा कमेटी ने सभी शिवहरे समाजबंधुओं को इन कार्यक्रमों में आमंत्रित करते हुए अपनी उपस्थिति से पंडाल की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया है।













