झांसी।
महंगाई के इस दौर में जब लोगों के लिए अपने बच्चों की शादी करना ही मुश्किल हो गया है, झांसी के नीतेंद्र राय फौजी गत चार वर्षों से अपने संसाधनों से सामूहिक विवाह का आयोजन कराते आ रहे हैं। इस बार आगामी तीन दिसंबर को वह 108 बेटियों के हाथ पीले करने जा रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी सामूहिक विवाह समारोह से पूर्व श्रीमदभागवत कथा सप्ताह का आयोजन किया गया है जिसका शुभारंभ बुधवार 25 नवंबर को 2100 कलशों की शोभायात्रा के साथ होगा।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक श्री नीतेंद्र राय ‘फौजी’ ने पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। यह आयोजन ‘श्री श्री 1008 श्री सिद्धेश्वर बालाजी धाम मंदिर ट्रस्ट बुंदेलखंड झांसी’ एवं ‘राय परिवार हंसारी, झांसी’ के संयुक्त तत्वाधान में किया जा रहा है। समारोह का शुभारंभ बुधवार 25 नवंबर 2026 को सुबह भव्य कलशयात्रा के साथ होगा। कलशयात्रा राजगढ़ रोड पर अंजनी माता मंदिर (एल्डिको कालोनी) से प्रारंभ होकर हंसारी नगर भ्रमण करने के उपरांत एंब्रोसिया सिटी के सामने कथास्थल प्रांगण में पहुंचेगी, जहां विशाल पंडाल में 25 नवंबर से 1 दिसंबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 5 बजे तक ओरछा के यशस्वी भागवताचार्य श्री दिवाकर जी महाराज अपनी ‘श्रीवाणी’ में भागवतकथा की अमृतवर्षा करेंगे। गुरुवार 03 दिसंबर को इसी प्रांगण में सर्वसमाज की 108 कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह संपन्न होगा। सामूहिक विवाह में प्रत्येक जोड़े को समुचित दान, घर-गृहस्थी के सामान सहित पंच आभूषण देकर विदा किया जाएगा।
पत्रकारवार्ता में साहित्यकार श्री निहालचंद शिवहरे, हेमंत कुमार राय कोषाध्यक्ष, अ.भा.जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं मीडिया सेल प्रभारी विष्णु शिवहरे एडवोकेट, नरेंद्र कुमार राय, अमित राय, संतोष राय प्रधान, के.के.राय, देवेन्द्र राय, अरविंद राय, जितेंद्र राय फौजी, ब्रजेंद्र राय, बद्री प्रसाद राय, सोनू राय, आनंद राय, शिवम राममिलन राय, रवि राय, बबलू राय, मौनी राय, रविकांत राय, बृजमोहन राय, वीकेश राय समेत सर्वसमाज के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। अंत में कार्यक्रम आयोजक नितेंद्र रघुवीर राय फौजी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
समाचार
इस बार 108 कन्याओं की शादी कराएंगे झांसी के नीतेंद्र राय फौजी; 25 नवंबर से भागवत कथा, 3 दिसंबर को सामूहिक विवाह और भंडारा
- by admin
- November 24, 2026
- 0 Comments
- Less than a minute
- 1 minute ago












