झांसी
झांसी के प्रतिष्ठित समाजसेवी श्री अशोक राय को ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय हिन्दी विद्यापीठ’ ने डॉक्टरेट की मानद उपाधि ‘विद्यावाचस्पति’ से विभूषित किया है। इस प्रकार विद्यापीठ ने श्री अशोक राय को अपने नाम के आगे डा. शब्द का उपयोग करने की मान्यता प्रदान कर दी है। अखिल भारतवर्षीय हैहय कलचुरी महासभा की यूपी इकाई के अध्यक्ष अशोक राय को समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया है।

बता दें कि मथुरा में वृंदावन धाम स्थित प्रतिष्ठित संस्थान संस्थान ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय हिन्दी विद्यापीठ’ द्वारा प्रत्येक वर्ष हिन्दी लेखन, शिक्षा के उन्नयन, पर्यावरण जागरूकता, चिकित्सा सेवा, विधिक सहायता एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को उनके योगदान के आधार पर सम्मानित किया जाता है। इसके लिए बीते 25 अक्टूबर को नई दिल्ली के होटल ‘रेडिसन ब्लू’ में ‘राष्ट्रीय हिन्दी संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया था। पं. दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ के कुलपति डा. इंद्रभूषण मिश्र ‘देवेंदु’ की अध्यक्षता में हुए इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय विश्वविद्यालय झांसी के पूर्व कुलपति डा. अरविंद कुमार (पद्मश्री से सम्मानित), विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ, उत्तराखंड के अध्यक्ष डा. नरेंद्र सिंह तोमर एवं मुख्य वक्ता के तौर पर मेरठ के सुभारती विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डा. इंद्रजीत सिंह उपस्थित रहे। इन सभी ने श्री अशोक राय को मानद उपाधि के साथ ही मैडल एवं प्रशस्ति-पत्र भी भेंट किया। कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न प्रांतों से नामचीन विद्वानों एवं अपने-अपने क्षेत्र के दिग्गजों ने शिरकत की।

झांसी में कलचुरी समाज ने किया भव्य स्वागत
मंगलवार (27 अक्टूबर) को दिल्ली से लौटने पर झांसी के हवाना रेस्ट्रो में समाजबंधुओं ने डा. अशोक राय का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर डा. अशोक राय ने कहा कि समाज के प्रति समर्पण भाव से सेवा करना ही उनके जीवन का उद्देश्य रहा है। आज भी वह सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं। पूर्व प्रधान जगजीवन राय के मुख्य आतिथ्य एवं सुरेंद्र राय की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में चंद्रमोहन राय, विनोद राय (छनियापुरा), राजेंद्र राय, अशोक राय (निवाड़ी) एवं विनोद कुमार राय (सिविल लाइन) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कौन हैं डा. अशोक राय
‘आसरा बिल्डर ग्रुप’ के चेयरमैन अशोक राय (अब डा. अशोक राय) को झांसी के सामाजिक और कारोबारी जगत में विशेष प्रतिष्ठा प्राप्त है। दतिया में जन्मे, पढ़े-लिखे डा. अशोक राय 1992 में झांसी आने पर अपना कारोबार शुरू करने के साथ ही कलचुरी समाज में भी सेवा-भाव से सक्रिय हो गए। उन्होंने प्रतिवर्ष होली मिलन एवं दशहरा मिलन जैसे समारोहों का आयोजन प्रारंभ किया। वर्ष 2008 में झांसी में 51 स्वजातीय कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह की सफलता में कोषाध्यक्ष के रूप में उनकी निर्णायक भूमिका रही। उन्होंने मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह जैसे आयोजन भी कराए। वर्ष 2015 में अशोक राय को कलचुरी समाज झांसी का जिलाध्यक्ष नियुक्ति किया गया। अपने कार्यकाल में उन्होने समाज को एकजुट करने का सतत प्रयास किया। इसी दौरान भगवान सहस्राबाहु अर्जुन जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा की शुरुआत कराई। शंकर सिंह बगीचा स्थित सहस्रबाहु मंदिर की स्थापना में उनकी अहम भूमिका रही। वर्तमान में आप अखिल भारतवर्षीय हैहय कलचुरी महासभा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के रूप में बड़े फलक पर कार्य कर रहे हैं। सामाजिक क्षेत्र के साथ ही डा. अशोक राय अब रियल एस्टेट के साथ ही प्रतिष्ठित होटल कारोबारी एवं कृषि व्यवसायी भी हैं।















