देवास।
उभरती गायिका सुश्री नीलम जायसवाल की नई एल्बम का पहला भजन ‘श्याम सांवरा’ रिलीज कर दिया गया है। सुश्री नीलम जायसवाल और पूरी टीम ने रविवार (16 अगस्त) को सीकर स्थित खाटू श्याम मंदिर में भगवान के दर्शन कर इस भजन को यूट्यूब पर जारी किया।
मध्य प्रदेश के देवास की रहने वाली सुश्री नीलम जायसवाल ने शिवहरेवाणी को बताया कि भगवान खाटू श्यामजी को समर्पित यह सुंदर भजन हरियाणा के हिसार में रिकार्ड किया गया है, जिसे उनके पिता श्री हरिओम जायसवाल और लखनऊ के कुंदन अकेला ने लिखा है और संगीत दिया है योगेश बजाज ने। सुश्री नीलम ने बताया कि हाल ही में उन्होंने हिसार में भगवान सहस्रबाहु के भजन और आरती की रिकार्डिंग कराई है जो नवंबर में रिलीज होगी।
21 वर्षीय सुश्री नीलम जायसवाल ने कभी शास्त्रीय संगीत की शिक्षा नहीं ली है बल्कि अपनी गायिकी को पिता की प्रेरणा व ईश्वर का आशीर्वाद मानती हैं। उन्होंने शिवहरेवाणी को बताया कि उनके पिता श्री हरिओम जायसवाल सुंदरकांड के बहुत अच्छे गायक माने जाते हैं। वह भी बचपन से पिताजी के साथ सुंदरकांड के आयोजनों में जाती थीं, और वहीं से उनके गायन की शुरुआत हुई। 13-14 साल की उम्र में तो वह कीर्तन करने लगी थीं। अब उन्हें बड़े-बड़े मंचों पर भजन प्रस्तुतियों के लिए बुलाया जाता है।
ग्रेजुएशन कर चुकीं सुश्री नीलन ने फिलहाल इंदौर के एक लॉ कॉलेज में एडमिशन लिया है, और इंदौर के ही एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान से सिविल सर्विस की तैयारी भी कर रही हैं। लेकिन, पढ़ाई के बीच जब भी कभी गाने का मौका मिलता है तो उसे छोड़ती नहीं हैं। अपनी धार्मिक आस्था और अपने समाज के प्रति समर्पण के भाव औऱ संस्कार उन्हें परिवार से मिले हैं। वह अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा की धार्मिक प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष हैं और देवास जिले की अध्यक्ष भी हैं।
सुश्री नीलम के परदादा श्री हरिरामजी जायसवाल किसी जमाने में देवास के बड़े प्रतिष्ठित समाजसेवी थे। पिता श्री हरिओम जायसवाल कैटर्स का काम करते हैं, और सिरोंज गांव में किराना शॉप भी है। माताजी श्रीमती अल्का जायसवाल गृहणी हैं। नीलम की बड़ी बहन शीतल जायसवाल शादी के बाद परिवार के साथ उज्जैन में रहती हैं, छोटी बहन लक्ष्मी जायसवाल पढ़ाई कर रही हैं। परिवार में सभी चाहते हैं कि नीलम के सपने सच हों, वह बड़ा सरकारी पद हासिल करे और बड़े-बड़े मंचों पर भगवान की महिमा का गान करती रहे।
वुमन पॉवर
समाचार
साहित्य/सृजन
भजन गायिकी में उभरता नाम देवास की नीलम जायसवाल; खाटू श्याम पर एल्बम का पहला भजन यूट्यूब पर रिलीज
- by admin
- August 16, 2026
- 0 Comments
- Less than a minute
- 3 hours ago













